भारत फिर से विश्व गुरु बने: पवन जिंदल
गुरुग्राम : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हरियाणा प्रांत संघचालक पवन जिंदल ने कहा कि संघ की स्थापना के पीछे मुख्य उद्देश्य यही है कि भारत फिर से विश्व गुरु बने। इसके लिए शुरू ही प्रयास किए जा रहे हैं। भारत के विचारों को पूरी दुनिया के सामने रखा जा रहा है। शाखाओं के माध्यम से अपनी सभ्यता व संस्कृति के बारे में स्वयंसेवकों को जानकारी दी जाती है। उन्हें बताया जाता है कि देश पहले विश्व गुरु के आसन पर विराजमान था। फिर से उस ऊंचाई को प्राप्त करना है। इसके लिए सभी को मिल-जुलकर प्रयास करना होगा। सेवा भाव के माध्यम से लाेगों को जोड़ना होगा। इस दिशा में काफी सफलता हासिल हो चुकी है। आज पूरी दुनिया में सेवा कार्यों की वजह से भी संघ की पहचान है।
श्री जिंदल ने कहा कि कोविड-19 की वजह से काफी लोगों की नौकरियां चली गई हैं। काफी लोगों के रोजगार प्रभावित हुए हैं। ऐसे लोगों की सहायता का संकल्प संघ के साधन संपन्न स्वयंसेवक लेंगे। वे अपने प्रतिष्ठानों में बेरोजगारों को नौकरी देंगे। जिनको ट्रेनिंग देने की आवश्यकता है, उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी। जिन्हें काउंसिलिंग की आवश्यकता है, उनके लिए काउंसिलिंग की व्यवस्था कराई जाएगी। वैसे तो इस दिशा में संघ ने प्रयास शुरू कर दिया है लेकिन विजयादशमी के दिन विशेष रूप से संकल्प लेंगे।
बता दे कि संघ का स्थापना दिवस विजयादशमी के दिन मनाया जाता है। इस तरह रविवार को 95वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। 1925 में डा. केशव हेडगेवार ने संघ की स्थापना की थी। आज यह दुनिया सबसे बड़ा सांस्कृतिक संगठन बन चुका है। संघ का प्रयास है कि भारत फिर से विश्व गुरु बने।