अरविंद को चेयरमैन बनाना रेवाड़ी की जनता के साथ धोखा : सुनील यादव मुसेपुर

रेवाड़ी। भाजपा की टिकट पर रेवाड़ी हलके से चुनाव लड़ चुके सुनील यादव मुसेपुर ने अरविंद यादव को हरको बैंक का चेयरमैन बनाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। साथ ही सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
रविवार को एक बयान में सुनील यादव ने कहा कि भाजपा ने उन्हें एक साधारण कार्यकर्ता का सम्मान करते हुए रेवाड़ी विधान सभा क्षेत्र से टिकट प्रदान की थी। उन्हें जिताने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रेवाड़ी आए थे। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और खुद सीएम मनोहरलाल खट्टर ने रेवाड़ी आकर उनके लिए वोट की अपील की थी। ऐसे समय में अरविंद यादव ने पार्टी को इस हलके में पराजित कराने के लिए पूरा जोर लगा दिया था। अरविंद ने पार्टी के चंद ‘गद्दारों’ को अपने साथ लेकर क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी को हराने का कुचक्र रचा था। अरविंद ने अपने कार्यालय में पार्टी के प्रचार में आने वाले केंद्रीय व अन्य राज्यों के नेताओं के साथ अपने समर्थकों से बदसलूकी कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद यादव ने पार्टी के कुछ और अवसरवादी नेताओं के साथ पार्टी के खिलाफ ही प्रचार करने का काम किया था। इस बात का पता चलने के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने तो अरविंद यादव को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद तक से हटा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के लिए एक ‘गद्दार’ की काम कर चुके अरविंद यादव ने सांठगांठ की राजनीति के दम पर चेयरमैन का पद हासिल किया है। अगर पार्टी को धोखा देने वाले लोगों को इसी तरह सम्मान दिया गया, तो इससे पार्टी कमजोर पड़ जाएगी। निष्ठावान कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित समझेंगे। उन्होंने कहा कि अरविंद को चेयरमैन बनाए जाने के बाद पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं में रोष व मायूसी का माहौल बना हुआ है। अरविंद की यह नियुक्ति आने वाले समय में पार्टी को कमजोर करने वाला कदम साबित होगा। चेयरमैन का पद हासिल करने के लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं को गुमराह करने का काम किया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अपने इस निर्णय पर फिर से विचार करना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि अरविंद को चेयरमैन बनाने के निर्णय पर फिर से विचार करते हुए पार्टी के किसी निष्ठावान कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *