सामाजिक समरसता के रूप में मनेगा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव : जीएल शर्मा

– 23 अप्रैल की शाम शक्ति नगर के परशुराम भवन में होगा भव्य आयोजन
– तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा के निवास पर हुई बैठक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदा‌‌धिकारी हुए शामिल
– प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्री और पूर्व मंत्री होंगे शामिल
गुरुग्राम : भगवान श्री परशुराम का जन्मोत्सव शहर में सामाजिक समरता के रूप में मनाया जाएगा। 23 अप्रैल की शाम पटौदी चौक के पास शक्ति नगर स्थित भगवान परशुराम भवन में भव्य आयोजन होगा, जिसमें सर्व समाज के लोग भगवान परशुराम के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेंगे। कार्यक्रम आदर्श ब्राह्मण सभा की ओर से किया जाएगा। इसके लिए आदर्श ब्राह्मण सभा ने तैयारियां आरंभ कर दी है। इन्हीं तैयारियों के मद्देनजर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरियाणा डेयरी सहकारी विकास प्रसंघ के चेयरमैन जीएल शर्मा के निवास पर उनकी अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें सर्व समाज की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। कार्यक्रम की रूपरेखा उपरांत जीएल शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम ने समाज को समरसता की राह दिखाई। भगवान परशुराम सामाजिक समरसता के जनक थे। धर्म की स्थापना के लिए भगवान परशुराम जी ने प्रत्येक युग के किसी न किसी कालखंड में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज भी भगवान परशुराम जी महेन्द्र पर्वत पर समाधिस्थ हैं। अष्ट चिरंजीवियों में शामिल अजर-अमर अविनाशी भगवान परशुराम जी अपने भक्तों को दर्शन प्रदान करते हैं। जीएल शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम जी ने सामाजिक न्याय तथा समानता की स्थापना के उद्देश्य से तथा समाज के शोषित तथा पीड़ित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए शस्त्र उठाया। भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज के ही नहीं बल्कि सर्व समाज के ईष्ट है। इसलिए आदर्श ब्राह्मण सभा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव सामाजिक समरसता के रूप में मना रही है।
ये होंगे अतिथि
सभा के अध्यक्ष आरपी कौशिक के अनुसार समारोह में बतौर मुख्यातिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा, कंवरपाल गुर्जर और कमल गुप्ता शिरकत करेंगे। मुख्य वक्ता के तौर पर भाजपा संसदीय बोर्ड और चुनाव प्रबंधन समिति की सदस्य सुधा यादव, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ होंगे। आरएसएस के प्रांत संघ चालक पवन जिंदल और विद्या भारती के प्रांत प्रमुख डीपी भाद्वाज, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा, राव नरबीर सिंह, विधायक सुधीर सिंगला विशिष्ठ अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्ष जीएल शर्मा करेंगे। कौशिक ने बताया कि कार्यक्रम 23 अप्रैल को शाम 4ः30 बजे प्रारंभ होगा। हरियाणा की संस्कृति के प्रमुख हस्ताक्षर महावीर गुड्डू एवं उनकी टीम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
100 लोगों को किया जाएगा सम्मानित
आरपी कौशिक ने बताया कि कार्यक्र के दौरान 36 बिरादरी के प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिले भर से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और समाज के लिए कुछ नया करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। ऐसे 30 लोगों की पहचान कर ली गई है। इनके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में आदर्श ब्राह्मण सभा के मुख्य संरक्षक, राजकिशन कौशिक, संरक्षक, योगेश कौशिक, मुख्य सलाहकार महेश वशिष्ठ, पार्षद धर्मवीर सिंह, पूर्व अध्यक्ष रामनिवास वत्स, बस्ती राम प्रजापति, ओमकार खुराना, सोमदत्त वशिष्ठ, सज्जन यादव, सुखबीर कटारिया, अजीत भारद्वाज, जय किशन सिलोखरा, अशोक सैन, देव कुमार, मधु खुराना, संतोष शर्मा, प्रतीक शर्मा, अनमोल भारद्वाज, नीरज शर्मा, पंकज सैनी, सतीश चैंपियन, संतोष शर्मा पटेल नगर, राजू डे, शिवकुमार, योगेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में संस्था के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।