नगर निगम की शिकायतों के लिए ‌विशेष जनता दरबार पर जीएल शर्मा ने मंत्री जेपी दलाल का जताया अभार

– कहा, सरकार के पारदर्शी शासन की अवधारणा को ‌मिलेगा बल, नागरिकों को नहीं काटने होंगे अधिकारियों के चक्कर
– लारवाह अधिकारियों पर कसेगी नकेल, जनता को मिलेगा लाभ, समय से होगा समस्याओं का समाधान
गुरुग्राम : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा ने प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल का नगर निगम की ‌शिकायतों के निराकरण के लिए हर महीने विशेष जनता दरबार लगाने पर आभार जताया है। जीएल शर्मा ने कहा कि नई व्यवस्था से नगर निगम दायरे के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए नागरिकों को निगम के अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने होंगे। शर्मा ने कहा कि इस व्यवस्था से निगम के लापरवाह अधिकारियों पर नकेल कसी जा सकेगी और सरकार के पारदर्शी शासन की अवधारणा अधिक मजबूत होगी। जीएल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सशक्त और कुशल नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार ने नौ वर्षों में कुशल और कारगर सुशासन की नींव रखी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में सरकार अपनी नीतियों और जनहितैषी फैसलों से सुशासन की नींव को अधिक मजबूत कर रही है। प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल की ओर से नगर निगम की शिकायतों के लिए अलग से हर महीने विशेष जनता दरबार लगाने का निर्णय भी सुशासन को मजबूत करने की कड़ी का हिस्सा है। जीएल शर्मा ने कहा कि आए दिन लोग नगर निगम में शिकायतें लेकर जाते हैं। अधिकारी उनकी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान नहीं लेते। जिस कारण लोगों को परेशानी होती है। इसका दूसरा पहलु यह है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण शहर में छोटी-छोटी समस्याओं से नागरिकों को दो चार होना पड़ता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। आमजन की शिकायतें सीधे सरकार (मंत्री) तक पहुंचेगी और अधिकारी गंभीरता से उनका निराकरण करने के लिए बाध्य होंगे। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उनसे जबाव भी तलब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरदृष्टि के कारण आज प्रदेश में सुशासन स्थापित हो रहा है। अनेक योजनाएं और व्यवस्थाएं ऐसी है जो सबका विकास में सहायह बनी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के जनक हैं। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार पर प्रहार के लिए अनेक बेहतरीन कदम उठाए हैं। आज प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं के योग्यता के आधार पर रोजगार का सपना पूरा हो रहा है। यह नई व्यवस्था भी शहरी नागरिकों की सहूलियत में मील का पत्थर बनेगी।
बता दें कि बृहस्पतिवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक प्रदेेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने निगम से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई के लिए अलग से जनता दरबार लगाने की घोषणा की। उक्त में जब अधिकांश शिकायतें नगर निगम से संबंधित आई तो मंत्री ने नई व्यवस्था लागू करने का ऐलान करते हुए कहा कि अगले महीने से हर महीने अलग से नगर निगम की शिकायतों के लिए एक जनता दरबार लगाया जाएगा। जिसके लिए पूरा दिन निर्धारित होगा। कृषि मंत्री ने डीसी निशांत कुमार यादव को निर्देश दिए कि वे निगम कमिश्नर के साथ मिलकर ऐसे कामों की सूची तैयार करें जो ठेकेदार को अलॉट होने के बाद लंबे समय से पूरे नही हुए हैं। उन्होंने कहा कि डीसी निगम कमिश्नर के साथ पिछले दो से तीन साल का रिकॉर्ड तैयार कर सूची बनाए कि इस अवधि में कितने काम अलॉट हुए, उसमें से कितने पूरे हुए, उसमें से कितने कामों का इन्हेंसमेन्ट हुआ व वर्तमान में कितने कामों पर कार्य प्रगति पर है।
कृषि मंत्री ने जिला प्रशासन से निगम से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई के लिए लगने वाले जनता दरबार का व्यापक प्रचार करवाने का निर्देश दिया। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की शिकायतों को सुनकर उनका निवारण किया जा सके। इससे पहले कृषि मंत्री ने आमजन की भावनाओं व उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष ही जिला कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में खुली शिकायतें सुनने की शुरूआत भी की थी। जिसमें तत्काल समाधान वाली शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जाता है।
सीएम विंडो पर कम होगा शिकायतों का बोझ
गुरुग्राम में सीएम विंडो एमिनेंट सिटीजन महेश वशिष्ठ ने कहा कि कृषि मंत्री की घोषणा से सीएम विंडो पर शिकायतों का बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पर लगातार नगर निगम की शिकायतें मिलती है। अब मंत्री के समक्ष शिकायतें रखी जा सकेंगी, जिससे उनका सहज समाधान संभव होगा। उन्होंने नगर निगम की शिकायतों के लिए जनता दरबार लगाने पर कृषि मंत्री का आभार जताया और इसे जनता के लिए बड़ी राहत करार दिया।