दुबई से फ़र्ज़ी पासपोर्ट पर दिल्ली आयी बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

नई दिल्ली : आइजीआइ एयरपोर्ट थाना पुलिस ने दुबई से भारतीय पासपोर्ट पर दिल्ली आयी बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान फरजाना इस्लाम के रूप में हुई है। मूल रूप से बांग्लादेश की रहने वाली महिला ने पश्चिम बंगाल से फर्जी तरीके से आधार कार्ड और पासपोर्ट इत्यादि बनवाया था। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फरिया प्रवीण नाम की महिला भारतीय पासपोर्ट पर आइजीआइ एयरपोर्ट से 12 अक्टूबर को दुबई गई थी। उसके पास टूरिस्ट वीजा था। लेकिन ब्लैक लिस्ट में उसका नाम होने के कारण यूएई इमिग्रेशन ने उसे एयरपोर्ट से बाहर जाने से रोक दिया था। बाद में एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से 14 अक्टूबर की रात महिला को वापस दिल्ली डिपोर्ट कर गया।
आइजीआइ एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने जब उसके दस्तावेज की जांच की तो पता चला कि महिला का असली नाम फरजाना इस्लाम है और वह मूल रूप से बांग्लादेश की रहने वाली है। उसने फरिया प्रवीण के नाम से भारत का पासपोर्ट बनवा रखा था। यह भी पता चला कि महिला गत वर्ष बांग्लादेश से टूरिस्ट वीजा पर छह बार भारत आ चुकी है। अंतिम बार वह नवंबर 2019 में भारत आयी थी। भारत आने के बाद उसने फर्जी तरीके से पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले से अपना आधार कार्ड और बाद में पासपोर्ट बनवा लिया था। औरोपित महिला के खिलाफ फर्जीवाड़ा व अन्य धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *