पेट में दर्द उनको है जो न तो किसानों को पसंद करते हैं और न ही सरकार को : कृष्णपाल गुर्जर

गुरुग्राम: केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानून का विरोध केवल वे लोग कर रहे हैं जो न तो किसानों को पसंद करते हैं और न ही सरकार को। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने सात साल के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक काम किए हैं और इसका प्रमाण सामने है जब कल ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सराहना की है। श्री गुर्जर ने शुक्रवार को गुरुग्राम में मीडिया से रूबरू होते हुए ये बात कही ।
उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से देखा जाए तो प्रदेश में किसानों के हित के लिए काम किए हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की फसल को हुए नुकसान की भरपाई प्रदेश की पिछली सरकारों द्वारा ठीक ढंग से नहीं किया जाता था। जब प्रदेश में मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार बनी तो किसानों के हित पर विशेष ध्यान दिया गया। पहले फसल नुकसान के मुआवजे के तौर पर दो-दो रुपये के चेक किसानों के नाम आते थे। इस सरकार ने यह व्यवस्था बनाई कि कम से कम 500 रुपये का चेक किसानों को दिया जाएगा। यही नहीं किसानों को मुआवजा तभी दिया जाता था जब उनकी फसल कम से कम 50 प्रतिशत या उससे अधिक खराब हुई हो। अब सरकार ने इसे घटा कर 33 प्रतिशत कर दिया है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली प्रदेश की पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रदेश में उनकी सरकार थी तो किसानों की फसल और जमीन दोनों की जमकर लूट हुई। आज किसानों की सहमति के बिना उनकी एक इंच भी जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जा रहा है। आज 12 फसलों की खरीद न्यनतम समर्थन मूल्य पर हो रही है। सामाजिक न्याय तथा अधिकारिता राज्य मंत्री ओपी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह साबित किया है वह पूरे हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। इस दौरान सोहना विधायक संजय सिंह, गुरुग्राम विधायक सुधीर सींगला, भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, भाजपा प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, समय सिंह भाटी, जीएल शर्मा, संजय भसीन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।