सोहना में 23 अक्टूबर को होने वाली विकास रैली होगी ऐतिहासिक : विधायक संजय सिंह

– मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल होंगे विकास रैली में मुख्य अतिथि, विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं की मिलेगी सौगात।
-महाराणा प्रताप की 23 फुट उंची प्रतिमा का भी मुख्यमंत्री करेंगे अनावरण
गुरुग्राम: जिला में 23 अक्टूबर को सोहना विधानसभा क्षेत्र की विकास रैली गांव सिरमथला में आयोजित की जा रही है जोकि पिछले दो साल में प्रदेश में हुई अब तक सबसे बड़ी रैली होगी। यह दावा सोहना के विधायक संजय सिंह ने किया है। उन्होंने बताया कि इस रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि होंगे और वे उस दिन महाराणा प्रताप की 23 फुट उंची प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
श्री संजय सिंह आज गुरूग्राम के सैक्टर-29 स्थित जिमखाना क्लब में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ गुरूग्राम के विधायक सुधीर सिंगला भी उपस्थित थे।
सोहना के विधायक संजय सिंह ने महाराणा प्रताप को इतिहास की धरोहर बताते हुए लोगों को भारी संख्या में महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण तथा विकास रैली में पहुँचने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि यही महाराणा प्रताप के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विधायक ने बताया कि शनिवार 23 अक्टूबर को होने वाली विकास रैली में मुख्यमंत्री के सामने सोहना विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगे रखी जाएंगी और उन्हें विश्वास है कि श्री मनोहर लाल इस ऐतिहासिक क्षेत्र के विकास के लिए तोहफे देंगे। इनमें मुख्य रूप से क्षेत्र के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं पर फोकस रहेगा।
एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा कि पिछले दिनों केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने पांच हेली हब बनाने की बात की थी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रैस-वे तथा केएमपी एक्सप्रैस वे के निकट स्थित होने के कारण सोहना क्षेत्र हेली हब की स्थापना के लिए सबसे उपयुक्त जगह है। इस बारे में मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोहना में सरकारी स्वास्थ्य अस्पताल को अपग्रैड करने, भौंडसी में सीएचसी स्तर का अस्पताल खोलने, खेल स्टेडियम बनवाने, कौशल विकास संस्थान खोलने, स्कूल अपग्रेड करने, स्वास्थ्य केन्द्रों का दर्जा बढ़ाने व नए पशु अस्पताल खोलने आदि मांगे रखी जाएंगी।
श्री संजय सिंह ने बताया कि सोहना को खेलो का हब कहा जा सकता है क्योंकि यहां से कई अच्छे खिलाड़ी रहे हैं और वर्तमान में भी युवा खिलाड़ी उभर रहे हैं। यहां खेल स्टेडियम की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसी प्रकार, सोहना को देश पर्यटन के मानचित्र पर लाने के भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों दमदमा झील में नौकायन का डेमो किया गया था। सोहना में पर्यटन विकास की काफी संभावनाएं हैं। यहां पर गर्म पानी का पुराना चश्मा है। उन्होंने बताया कि आगरा कैनाल से पानी लाने के लिए संभावनाए तलाशी जाएंगी ताकि बड़खल , दमदमा तथा कोटला झील में वहां से पानी की आपूर्ति हो सके। यही नही, सोहना क्षेत्र में एक अम्यूजमेंट पार्क बनाने और सरदार पटेल की प्रतिमा लगवाने की भी योजना है।
एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा कि पिछले दो साल के कार्यकाल में कोरोना के बावजूद सोहना विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्री मनोहर लाल शायद प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री होंगे जिनकी घोषणाओं पर पूर्ण रूप से अमल हुआ है।