कांग्रेसी उतरे सड़क पर, प्रियंका गांधी को तत्काल प्रभाव से आजाद करने की मांग !

-शहर में रैली निकाल जमकर किया प्रदर्शन
-केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और उनके बेटे को गिरफ्तार करने की मांग
गुरुग्राम : गुरुग्राम जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट हुए और उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी को एक गेस्ट हाउस में अवैध तरीके से गिरफ्तार करने के आरोप में शहर में रैली निकालकर जमकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर सरकार को तानाशाह बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने तत्काल प्रभाव से प्रियंका गांधी को आजाद करने और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को पद से हटाने, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और उनके बेटे को गिरफ्तार करने की मांग की गई।
इस मौके पर राव कमलबीर व व्यापार सेल के चेयरमैन पंकज डावर ने कहा कि अगर तानाशाह भाजपा की सरकार द्वारा जल्द से जल्द प्रियंका गांधी को आजाद नहीं किया गया तो पूरे देश में कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा की ईट से ईट बजा कर रख देंगे।
पंकज डावर ने कहा कि जिन नेताओं ने अपनी गाड़ी से कुचल कर किसानों की निर्मम हत्या कर दी वह नेता तो मंत्री के पद पर जमे हुए हैं। भाजपा सरकार इस समय किसानों के साथ दोगली राजनीति करने में जुटी है। मंत्री और उनके बेटे के खिलाफ एक तरफ तो फर्जी एफ आई आर दर्ज करने का ढोंग रचा जा रहा है दूसरी तरफ विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। यह आखिर कहां का कानून है।
पंकज डावर ने कहा कि अगर जल्द से जल्द प्रियंका गांधी को आजाद नहीं किया गया तो शहर में जगह-जगह चक्का जाम करने और भारत बंद करने का आवाहन भी किया जाएगा। लेकिन हम ऐसा कुछ नहीं करना चाहते जिससे आम जनता को परेशानी हो लिहाजा सरकार से हम मांग करते हैं कि तत्काल प्रभाव से प्रियंका गांधी को आजाद करें, किसानों की हुई हत्या मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजें जिससे किसानों को न्याय मिल सके। धरना प्रदर्शन में पंकज डावर के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोहतास बेदी, सुनीता सेहरावत, पूजा शर्मा, हरपाल तंवर, भीम सिंह राठी, कुलदीप कटारिया, अशोक भास्कर, भारत मदान, राज ठेकेदार, पी एल कटारिया, मोहन सिंह, रेखा यादव, अमित कोच्चर, सूबे सिंह यादव, प्रियंका राजपूत, विनोद शर्मा मीनू, धर्म राज भारद्वाज, दिनेश शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।