मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन !

-प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर भी दिखाया गुस्सा, मुख्यमंत्री के पुतले का किया दहन
-किसानों की मौत पर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग
गुरुग्राम : एक तरफ उत्तर प्रदेश में भाजपा नेता की कार से कुचलकर हुई किसानों की मौत का मामला गरमाया हुआ है दूसरी तरफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का एक बयान खूब वायरल हो रहा है जिसको लेकर सोमवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए राव कमलबीर एवं कांग्रेस व्यापार सेल के चेयरमैन पंकज डावर में कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी की सरकार अंधी हो चुकी है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का बेटा खुलेआम किसानों पर कार चढ़ा कर उनकी हत्या कर रहा है लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है। किसानों की मदद के लिए कांग्रेस की सुप्रीमो प्रियंका गांधी किसानों से मिलकर उनके दुख में शामिल होना चाहती थी लेकिन भाजपा की बेरहम सरकार ने प्रियंका गांधी को ना सिर्फ गिरफ्तार किया बल्कि लॉकअप में भी बंद किया। पंकज डावर ने कहा कि एक तरफ देश के हालात खराब है दूसरी तरफ हरियाणा के मुख्यमंत्री अपने सिपहसालार के सामने गलत बयान बाजी करते हैं एक मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता। अपने बयानों में मुख्यमंत्री आम जनता को लाठी मारने की बात करते हैं। किसानों पर लाठी-डंडे के प्रयोग की बात कर रहे हैं। जो किसी भी मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता। मुख्यमंत्री का वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिससे हरियाणा की जनता में गुस्सा है इसी आक्रोश को लेकर आज मुख्यमंत्री का पुतला दहन करके उनके इस्तीफे की मांग की गई है साथ ही केंद्र सरकार से मांग की गई है कि किसानों की मौत मामले में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और उनके बेटे के खिलाफ तत्काल एफ आई आर करके उन्हें गिरफ्तार किया जाए और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को उनके पद से हटाया जाए। इस प्रदर्शन में पंकज डावर के साथ लाल सिंह यादव, अशोक टोंक, अशोक भास्कर, कुलदीप कटारिया, भारत मदान, अमित कोचर, राज यादव, पी एल कटारिया, रेखा यादव, शुभम शर्मा, प्रियंका राजपूत, अमित शर्मा, नरेश वशिष्ठ, कार्तिक गहलोत, मनदीप शेरा, खेमचंद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।