नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संजीव सिंगला ने किया सेक्टर-56 का दौरा

-नवीन गोयल के निवेदन पर संयुक्त आयुक्त संजीव सिंगला पहुंचे निरीक्षण करने
गुरुग्राम: सेक्टर-56 क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम गुरुग्राम के जोन-4 के संयुक्त आयुक्त संजीव सिंगला ने अधिकारियों के दल के साथ दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात करके मूलभूत सुविधाओं पर बात की। संयुक्त आयुक्त ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को यहां सुविधाओं का खाका तैयार करने के निदेश दिये।
पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा के प्रदेश प्रमुख नवीन गोयल के साथ सेक्टर-56 क्षेत्र के लोगों ने संयुक्त आयुक्त से मुलाकात की थी। संयुक्त आयुक्त ने खुद क्षेत्र का दौरा करने की बात कही थी। क्षेत्र के लोगों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर नवीन गोयल ने संयुक्त आयुक्त संजीव सिंगला को बताया कि सेक्टर-56 गुरुग्राम का काफी पुराना है। इसका क्षेत्रफल भी बहुत बड़ा है। उन्होंने कहा कि यहां के जलवायु टावर में टायल वर्क होना है। स्ट्रॉम वाटर और यहां की सीवरेज लाइनों को भी दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा सड़क, पार्क में भी सौंदर्यकरण और सेक्टर की मार्केट में स्ट्रीट लाइटें भी लगवाई जाएं। नवीन गोयल ने संयुक्त आयुक्त संजीव सिंगला से कहा कि इन कार्यों को प्राथमिकता के तौर पर कराएं।
इस अवसर पर ग्रीवेंस कमेटी सदस्य प्रवीन अग्रवाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गगन गोयल, सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए प्रधान हरीश यादव, जलवायु टावर से भाजपा सरस्वती मंडल के सचिव आरपी सिंह, महामंत्री अशोक डबास, अशोक गुप्ता, मार्केट प्रधान संजय पंवार, अजीत के अलावा आरडब्ल्यूए के सभी पदाधिकारी व सेक्टर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।