जींद की महिला से रोहतक में सामूहिक दुष्‍कर्म !

जींद : जींद की एक महिला के साथ रोहतक में सामूहिक दुष्कर्म की दो दिन पुरानी घटना सामने आई है। यह हैवानियत किसी और ने नहीं, बल्कि महिला के अपने जानकारों ने ही की है। रोहतक बस अड्डे पर यह सब उस वक्त हुआ, जब महिला अपनी सहेली से मिलने के लिए दिल्‍ली जा रही थी। उसके परिचित उसे एक होटल में ले गए। वहां उससे दुष्कर्म करने के बाद जान से मार देने की धमकी का भी आरोप है, जिसके संबंध में शिकायत के बाद पुलिस ने 6 के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।
महिला पुलिस थाने की पुलिस को दी शिकायत में जींद शहर की रहने वाली 30 वर्षीय महिला ने बताया कि 30 जून को वह अपनी सहेली से मिलने के लिए दिल्ली जा रही थी। रोहतक बस स्टैंड पर उतरने के बाद उसे लाखनमाजरा के मंगल, अमित और दीपक मिले, जिन्हें वह जानती है। वो उसे बस स्टैंड के पीछे एक होटल में ले गए। वहां पहले से ही तीन लोग और मौजूद थे। सभी छह लोगों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस घटना के बारे में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
इस बारे में जांच कर रही एएसआई गीता देवी का कहना है कि दुष्कर्म की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला का मेडिकल चेकअप कराया है। इसके बाद मंगल, अमित और दीपक को नामजद करके 3 अन्य के खिलाफ रेप और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी की पहचान और फोन की कॉल डिटेल चेक करके जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।