गजब का समर्पण : चौटाला जेल से रिहा हुए तो ही ओम प्रकाश नाई ने सात साल बाद काटी दाढ़ी !
सिरसा : जिला के गांव भरोखा के ओम प्रकाश नाई ने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला को 10 साल की सजा होने पर प्रतिज्ञा ली थी कि जब तक पूर्व मुख्यमंत्री जेल से रिहा नहीं होंगे तब तक वह अपनी दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। गुरुवार को इनेलो महिला विंग की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला और इनेलो जिला अध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला गांव भरोखा पहुंचे। इनकी उपस्थिति में ओमप्रकाश ने अपनी दाढ़ी कटवाई। मौके पर सुनैना चौटाला ने उन्हें 5100 रुपये देकर सम्मानित किया।
सुनैना चौटाला ने कहा कि इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को अपने कार्यकर्ता जान से प्यारे हैं। वे कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ मानते हैं। वहीं करीवाला ने कहा कि चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकर्ता झुकने और टूटने वाले नहीं हैं। वे पार्टी के प्रति समर्पित हैं। कार्यकर्ता अब दोगुनी ताकत से जुट जाएं और पार्टी को मजबूती प्रदान करें।
जेबीटी भर्ती केस में पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की सजा पूरी होने से इनेलो कार्यकर्ता उत्साहित हैं। सजा पूरी होने की सूचना पर कार्यकर्ताओं ने गांव में लड्डू बांटकर खुशी जताई।