सच या झूठ : हरियाणा में अप्रैल में 3814 संस्कार हुए, सरकारी रिकॉर्ड में कोरोना से 1225 मौतें !

चंडीगढ़ : हरियाणा कोरोना मरीजों की सबसे कम मृत्यु दर वाले राज्यों में शामिल है लेकिन हकीकत इससे जुदा है। सरकारी रिकॉर्ड में अप्रैल में कोरोना से कुल 1225 मौतें दर्ज हैं। जबकि, श्मशानों में अंतिम संस्कार करने वाली संस्थाओं के मुताबिक पूरे महीने में 3814 लोगों का कोविड प्रोटोकोल के तहत अंतिम संस्कार किया गया है। यह संख्या सरकारी रिकॉर्ड से करीब तीन गुना अधिक है।
सबसे ज्यादा गुरुग्राम में 1350 लोगों का कोविड प्रोटोकोल के तहत अंतिम संस्कार हुआ, जबकि वहां रिकॉर्ड में अप्रैल में सिर्फ 112 मौतें हैं। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार हरियाणा में कोरोना संक्रमण से पिछले एक साल के दौरान करीब 4882 मौतें हुई हैं, जबकि श्मशानों में सिर्फ अप्रैल में ही 3814 अंतिम संस्कार हो गए। हालांकि, एक तथ्य यह भी है कि अप्रैल में दम तोड़ने वाले मरीजों में एक बड़ा आंकड़ा दिल्ली और यूपी से आने वालों का भी शामिल है।