सनसनी : हरियाणा में दो मासूम बच्चों के सामने मां की चाकुओं से गोदकर हत्या !
बहादुरगढ़ : यहाँ के सौलधा गांव में एक पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर महिला की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के समय महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे भी वहीं थे। वे चीखते रहे और हमलावर उनकी मां पर चाकू से वार करता रहा। बाद में वहां से फरार हो गया। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतका प्रियंका (27) घर में अपने चार और ढाई साल के दोनों बेटों के साथ थी और उसका पति सुधीर ड्यूटी पर गया था। करीब एक बजे आरोपी युवक गेट कूदकर सुधीर के घर में घुसा और महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मां पर हमला करता देख प्रियंका के दोनों बच्चे चीखने लगे। इसके बाद साथ लगते घर में मौजूद सुधीर के अन्य परिवार वालों को पता लगा। वे जब पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो गया। खून से लथपथ हालत में प्रियंका को शहर के आरजे अस्पताल में लाया गया। यहां पर कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। डाक्टरों के मुताबिक महिला के शरीर पर आठ से 10 घाव थे। उधर सदर थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बाद में एएसपी विक्रांत भूषण और डीएसपी अशोक कुमार ने भी पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने बताया कि मृतका प्रियंका का पति सुधीर रेलवे में अपने पिता की जगह नौकरी लगा है। प्रियंका का कुछ समय से पड़ोस के जितेंद्र नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। कई बार इसको लेकर विवाद हुआ था। इसी के चलते सुधीर ने घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगा रखे हैं और फुटेज में सुधीर के घर में घुसता नजर आ रहा है।