जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : उप मंडल की मांग हर मायने में जायज !
फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : काफी समय से ठंडे बस्ते में पड़ी फर्रुखनगर उप मंडल बनाए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। कस्बा व क्षेत्रवासियों ने कड़ी मेहनत कर गुरुग्राम से भाजपा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, विधायक सत्यप्रकाश जरावता, विधायक राकेश दौलताबाद को जीत दिलाकर दिल्ली संसद भवन व हरियाणा विधानसभा तक पहुंचाया। अब यहां के निवासियों ने जनता की सहूलियत के लिए फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की मांग से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री को भेजा है। मुख्यमंत्री द्वारा उप मंडल की कार्रवाई के लिए सम्बंधित अधिकारियों को आदेश पारित कर दिए है।
पूर्व सैनिक सुरेश चंद्र फर्रुखनगर, महेंद्र शर्मा पातली, सत्यनारायण यादव डूमा हरिनगर, लक्ष्मण सिंह मौहम्मदपुर, दिनेश सैनी, सुरेंद्र कुमार सुल्तानपुर, दविंद्र सैनी आदि का कहना है कि फर्रुखनगर खंड को उप मंडल का दर्जा न दिए जाने से यहां का विकास रुक गया है। भाजपा शासन काल में अनेकों गांवों को उप तहसील, तहसील, विधानसभा, नगर निगम, उप मंडल का दर्जा दिलाने का कार्य किया गया है। जिससे पिछडे इलाको ने भी विकास की राह पकड़ ली। इसी तरह विकास को दृष्टीगत रखकर व आम जन मानस की भागदौड़ को कम करने के लिए फर्रुखनगर खंड ,तहसील को उप मंडल बनाया जाना बेहद जरूरी हो गया है।
फर्रुखनगर क्षेत्र में नगरपालिका फर्रुखनगर, ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डिग्री कॉलेज, एक दर्जन प्राईवेट इंजीनियरिंग कॉलेज, एसजीटी यूनिवर्सटी बुढेडा, पशु चिकित्सालय, दक्षिण हरियाण की सबसे बडी गोशाला, सब्जी मंडी, अनाज मंडी, थाना, उप खजान, डाकखाना, खंड कृषि अधिकारी कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बिजली बोर्ड, राष्ट्रीय पक्षी उद्यान सुल्तानपुर आदि सुविधाएं हैं। कस्बा फर्रुखनगर में से स्टेट हाईवे, केएमपी सुपर एक्सप्रेसवे गुजरते है। लेकिन उप मंडल मुख्यालय न होने के कारण लोगों को 30 से अधिक किलोमीटर की दूरी तय करके पटौदी, गुरुग्राम जाना पड़ता है। गांव बुढेडा से पटौदी उप मंडल कार्यालय की दूरी 30 किलोमीटर , सिवाडी , कारौला, फरीदपुर से गुरुग्राम की दूरी 45 किलोमीटर हे।
फर्रुखनगर ब्लॉक में 55 ग्राम पंचायते 500 अधिक छोटी बड़ी ढाणिया, नगरपालिका फर्रुखनगर हैं। सभी की आदबादी करीब ढाई लाख है। इतना ही नहीं फर्रुखनगर क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक, सोसायटी बैंक, केनरा बैंक, पंजाब नैशनल, यस, जिला सहकारी बैंक, बाइक की कई एजेंसियां, प्रशिक्षण संस्थान जैसे अति महत्वपूर्ण संस्थान आते हैं। खंड के अंर्तगत 22 समित के वार्ड, 3 जिला परिषद के वार्ड भी आते हैं। क्षेत्र के लोगों को उप मंडलीय स्तरीय कार्यो के लिए पटौदी भागना पड़ता हे। जिसके कारण इलाके के लोग काफी परेशान है। उप मंडल की मांग हर मायने में जायज है |