डीजे पर नाचते समय हुई कहासुनी, सीने में गोली मारकर हत्या !
सोनीपत : यहाँ के भठगांव में शादी समारोह में डीजे पर नाचते समय हुई कहासुनी के बाद तीन युवकों ने एक व्यक्ति के सीने में गोली मार दी। घायल को रोहतक के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने दो नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव भठगांव माल्यान निवासी अजय सिंह ने पुलिस को बताया कि वह गुरुग्राम में टैक्सी चलाता है। उनके गांव के परविंदर सिंह के घर में शादी थी। वह अपने चचेरे भाई सतपाल के साथ वह भी शादी में गया था। इसी दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे हरीश, सचिन और एक अन्य वहां आ गए। इनमें से एक के पास डोगा बंदूक थी।
हरीश व सचिन कहने लगे कि सतपाल आ गया। इस पर उन्होंने दूसरे युवक से बंदूक ले ली और सतपाल के सीने पर तान दी। इसके बाद वह कहने लगे कि उसे झगड़े का मजा चखाते हैं। यह कहकर उन्होंने सतपाल के सीने में गोली मार दी। अजय ने बताया कि वह घायल सतपाल को लेकर रोहतक के गांव खेड़ी साध स्थित निजी अस्पताल पहुंचा, जहां पर उपचार के दौरान देर रात सतपाल की मौत हो गई। सतपाल के दो बेटियां हैं। उसकी बड़ी बेटी तीन साल व छोटी एक साल की है।