जजपा की महिला नेत्री सुनीता कटारिया ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पर लगाए आरोप, इस्तीफा दिया
-कटारिया ने कहा संगठन में महिलाओं की भूमिका शून्य
-सत्ता के लालच में मूल मुद्दों से भटक गई जजपा
गुरुग्राम : जजपा की महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुनीता कटारिया ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व पार्टी के दूसरे नेताओं पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि खुद भाजपा से गठबंधन कर डिप्टी सीएम बनने वाले दुष्यंत कार्यकर्ताओं को भाजपा से दूर रहने की सलाह देते हैं। पार्टी में कार्यकर्ताओं को भाजपा के कार्यक्रमों में जाने की मनाही है।
जजपा की महिला प्रदेश अध्यक्ष शीला भ्याण को अपना इस्तीफा भेजने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में महिलाओं की भूमिका शून्य है। न तो महिला कार्यकर्ताओं को मान सम्मान दिया जाता है और न ही उनकी कोई सुनवाई होती है। उन्होंने कहा कि निगम से 500 से अधिक कर्मचारियों को निकाले जाने के बाद वे कुछ कर्मचारियों को डिप्टी सीएम से उनकी मुलाकात करवाने के लिए उनके पास गई थी लेकिन वहां डिप्टी सीएम ने उनके ऊपर भाजपा का साथ देने का ही आरोप लगा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता भाजपा से दूरी बनाए रखने की सलाह देते हैं। वहीं इनेलो की महिला जिलाध्यक्ष रही व जजपा के गठन के साथ इनेलो का अलविदा करने वाली सुनीता कटारिया ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता के लालच में जजपा मूल मुद्दों से भटक गई है।