वाराणसी में रोका स्मृति ईरानी का काफिला, दिखाए काले झंडे
वाराणसी : केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को शनिवार को वाराणसी के दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शनकारियों के कारण खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिये पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथरस गैंगरेप के विरोध में रोष प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी स्मृति ईरानी की कार के आगे आ गये और मंत्री को काले झंडे दिखाये। इसी बीच स्मृति ने अचानका अपनी कार का शीशा नीचे किया और कांग्रेस की एक कार्यकर्ता की बात भी सुनी।
किसानों और कृषि वैज्ञानिकों से नए कानून पर विचार-विमर्श करने केंद्रीय मंत्री ईरानी वाराणसी पहुंचीं थीं। यहां सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाथरस की घटना को लेकर उनका भारी विरोध किया। वहीं हाथरस की घटना पर ईरानी ने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है। हाथरस में पीड़िता का अंतिम संस्कार रात में किये जाने के मामले में केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘मैं महिला आयोग के मामले में हस्तक्षेप नहीं करती। पीड़िता को न्याय मिलेगा, मैंने खुद मुख्यमंत्री से बात की है। एसआईटी की रिपोर्ट आने पर मुख्यमंत्री दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।’ कुछ देर के विरोध प्रदर्शन के बाद स्मृति ईरानी ने वार्ता के लिए महिला कार्यकर्ताओं को बुलाया और उनसे कहा कि सभी की बात सुनी जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के आगमन पर सरकार विरोधी नारे लगाये और प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के काफिले को रोककर उनसे हाथरस कांड की पीड़िता के लिए इंसाफ की मांग की। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नारे लिखे बैनर भी दिखाए। कुमार ने बताया कि विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं को बाद में हिरासत में ले लिया गया।