सनसनीखेज : राजस्थान में सेक्स रैकेट चलाती थी भाजपा और कांग्रेस की दो महिला नेत्रियां

-गरीब परिवारों की नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर देह शोषण कराती थी
-भाजपा नेत्री गिरफ्तार, कांग्रेस नेत्री अभी चल रही फरार
जयपुर : राजस्थान के सवाईमाधोपुर में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष व कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवादल महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष पर मिलकर देह व्यापार चलाने का आरोप है। कथित रूप से ये दोनों महिला नेता जिले के गरीब परिवारों की नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर देह शोषण कराती थी। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों ही पार्टियों ने इन्हें निलंबित कर दिया है। इस मामले में शुक्रवार तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें देह व्यापार चलाने वाली भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष सुनीता वर्मा व उसका साथी हीरालाल मीणा शामिल है। वहीं, नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले संदीप शर्मा, श्योराज मीना व राजूलाल लाल रैगर को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले की दूसरी मुख्य अभियुक्त कांग्रेस सेवादल महिला प्रकोष्ठ की पूर्व जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी और दो अन्य लोग अभी फरार हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि सवाईमाधोपुर में रणथंभौर अभयारण्य होने के कारण बड़े पैमाने पर होटल हैं। ये दोनों महिला नेता गरीब परिवारों की नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर इन होटलों में भेजती थीं। कुछ लड़कियों को जयपुर व कोटा भी भेजा गया। पुलिस के अनुसार, सुनीता वर्मा जिला उद्योग केंद्र व श्रम विभाग में लोन, सब्सिडी, श्रम डायरी सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का काम करती हैं। इसके चलते वर्मा से जिला उद्योग केंद्र के लिपिक शर्मा की पहचान हो गई । इन्होंने मिलकर नाबालिग लड़कियों के माध्यम से देह व्यापार चलाने की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
दोनों महिला नेताओं ने एक स्थानीय नाबालिग को नि:शुल्क पढ़ाने और फिर नौकरी लगवाने का झांसा देकर जाल में फंसाया। उसे अपने घर में ही रखा। इस नाबालिग के साथ पांच लोगों ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पिछले सप्ताह नाबालिग मौका पाकर इनके चंगुल से निकल कर परिजनों के पास पहुंची। उसने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस पर परिजनों ने दो दिन पूर्व सवाईमाधोपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। नाबालिग के परिजनों ने शिकायत में बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष व उनके साथियों ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर पैसे का लालच देकर दुष्कर्म जैसे संगीन जुर्म में धकेलने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *