आटो चालक की बेटी ने जीता स्वर्ण पदक के साथ बेस्ट महिला बॉक्सर का खिताब !

पानीपत : पहले लोग शिमला मौलाना गांव की विंका को बॉक्सिंग करता देख उसका मजाक उड़ाते थे और उसके पिता आटो चालक धर्मेंद्र को भी सलाह देते थे कि खेल में क्या रखा है। लेकिन विंका के पिता ने किसी की नहीं सुनी और बेटी को खेलने की आजादी दे दी। विंका ने भी अपने पिता के सपनों को साकार कर लोगो के मुँह पर तमाचा जड़ दिया और आज वे सब उसके मुरीद हो गए।
विंका ने मोंटेनीग्रो में हुए 30वें एड्रियाटिक पर्ल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक के साथ-साथ बेस्ट महिला बॉक्सर का भी खिताब जीता है। उन्होंने कोरोना माहमारी के दौरान चार महीने तक शिवाजी स्टेडियम के बॉक्सिंग कोच सुनील कुमार की देखरेख में लड़कियों के अलावा अपने वेट के लड़कों पर भी खूब पंच जड़े। कड़ा अभ्यास काम आया और उन्हें सफलता मिली। विंका 23 फरवरी को इंडिया लौटेंगी। इसके बाद वे यूथ विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप का ट्रायल भी देंगी।
विंका कई बार आटो में पंक्चर होने के कारण देरी से स्टेडियम में पहुंची। अन्य बॉक्सरों की तरह उन्हें भी कोच ने सजा दी। ट्रैक के चार चक्कर लगाने के अलावा बॉक्सिंग रिंग परिसर की झाड़ू से सफाई भी करनी पड़ी। गलती मानकर भविष्य में समय पर ट्रेनिंग करने का वादा भी किया। विंका रोहतक बॉक्सिंग एकेडमी में अभ्यास करती हैं। उनके पहले कोच सुनील कुमार ने विंका की वह खूबियां बताईं, जो उन्हें अन्य बॉक्सरों से अलग पहचान दिलाती हैं।