लंबा चलेगा किसान आंदोलन: सर्दी में डटे रहे अब गर्मी से निपटने को झोपड़ियों में बदलने लगे तंबू

नई दिल्ली : कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठन लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं। पूरी सर्दी सिर से गुजर चुकी है। अब किसानों ने बदलते मौसम की रणनीति तैयार कर ली है।
कुंडली, टिकरी और जय सिंहपुर खेड़ा बॉर्डर पर गर्मी की दस्तक के साथ ही हाईवे के बीच में गाड़े तंबुओं ने झोपड़ियों का आकार लेना शुरू कर दिया है। किसान संगठन पंखे व कूलरों की एडवांस बुकिंग कर चुके हैं। मार्च के पहले सप्ताह में आंदोलन स्थलों पर बड़े पंखे व कूलर पहुंचने शुरू हो जाएंगे।
कुंडली में पानी की खपत बढ़ने से आसपास के आरओ प्लांट से संपर्क किया है। आंतिल खाप 12 के प्रधान जयभगवान आंतिल, बाल्याण खाप के दर्शन सिंह बाल्याण ने कहा कि किसानों के पास तमाम व्यवस्था है। किसान के पास बड़े फर्राटा पंखे हैं, जिनसे फसल बरसाते हैं। उन पंखों को आंदोलन में लाया जाएगा। ट्राॅलियों को मच्छरदानी से कवर किया जाएगा। टिकरी बॉर्डर पर किसानों के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया है। रेवाड़ी के खेड़ा बॉर्डर पर झोपड़ियां बनाने के लिए राजस्थान से झूंडों की पूलियां (फूस) मंगाई जा रही हैं।