एकतरफा प्यार : शादी से किया इंकार तो कर दी हत्या !

नई दिल्ली : राजधानी के रोहिणी इलाके में 17 साल की एक लड़की द्वारा जब शादी के लिए मना कर दिया गया तब लड़का इस बात से इस कदर खफा हो गया कि उसने लड़की को मौत के घाट ही उतार दिया। दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया है लेकिन आरोपी लड़का अभी फरार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक रोहिणी के बेगमपुर इलाके में लाइक खान ने शादी से इंकार करने पर 17 वर्षीय किशोरी की हत्या कर दी है। घटना शुक्रवार शाम की है। घटना के समय किशोरी के परिजन घर पर नहीं थे। किशोरी के भाई ने बताया कि आरोपी उसकी बहन नीतू की हत्या करने के बाद घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
आरोपी और किशोरी का परिवार एक दूसरे को काफी समय से जानते थे। किशोरी के भाई ने बताया कि लाइक खान ने बहन से शादी करने का प्रस्ताव दिया था जिसे बहन ने ठुकरा दिया। इससे नाराज होकर लाइक खान ने बहन के सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। मामले में फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वही मुख्य आरोपित लाइक खान फरार है। यह भी पता चला है कि नीतू का परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले के थाना जैथरा गांव फगनौल का रहने वाला है।