जनकवि मेहरसिंह सम्मान से अलंकृत होंगे साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया

रेवाड़ी: जिले के गांव खोरी के सरकारी स्कूल में रसायनशास्त्र प्राध्यापक के तौर पर सेवारत साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया को हरियाणवी रचनाधर्मिता व लोकसंस्कृति की साधना हेतु प्रदेश सरकार ने जनकवि मेहर सिंह सम्मान के लिए चयनित किया है। अकादमी के गत तीन वर्षों के लंबित पुरस्कारों की घोषणा शुक्रवार को चंडीगढ़ में की गई। अकादमी के निदेशक डा. चंद्रत्रिखा ने बताया कि नाहड़िया को हरियाणवी लोक साधना के लिए वर्ष 2018 हेतु संबंधित पुरस्कार दिया जाएगा। जिसमें दो लाख रुपए की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि चार हरियाणवी फिल्मों में गीत एवं संवाद लिख चुके नाहड़िया का हरियाणवी साहित्य सृजन में विशिष्ट मौलिक योगदान रहा है। रेजांगला युद्ध की शौर्यगाथा पर उनकी संगीत एल्बम ‘दिवाली बासठ कीÓ बेहद चर्चित रही है। करीब डेढ़ दर्जन पुस्तकों के लेखक होने के अलावा हरियाणा इनसाइक्लोपीडिया में उनका उत्कृष्ट लेखकीय योगदान रहा है। हरियाणवी बोली में एक ओर जहां वे राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में एक दशक से नियमित रूप से स्तंभ लेखन कर रहे हैं, वहीं दोहा, कुंडलिया, रागनी, आल्हा, मुक्तक आदि साहित्यिक विधाओं में उनकी हरियाणवी पुस्तकें लोकराग, एक बखत था, ग्यान-बिग्यान की कुंडलियांं, जरा याद करो कुर्बानी, बखत-बखत की बात, गाऊं गोविंद गीत, नाहड़िया की कुंडलियां, चालती चाक्की आदि बेहद प्रसिद्ध रही हैं।
गत दो दशकों से राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में उनके शोध आलेख, फीचर, लेख तथा साहित्यिक रचनाएं प्रमुखता से प्रकाशित होती रही हैं। आकाशवाणी तथा दूरदर्शन से उनकी काव्य रचनाओं के अलावा फीचर प्रसारित हुए हैं। सांस्कृतिक इलेक्ट्रॉनिक चैनल एंडी हरियाणा तथा ए-वन तहलका में उनकी हरियाणवी रचनाएं विशेष स्थान पाती रही हैं। पिछले दिनों उनकी पुस्तक बख़त-बख़त की बात को हरियाणा साहित्य अकादमी ने श्रेष्ठ कृति सम्मान हेतु चयनित किया था। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित काव्यपाठ एवं लेखन प्रतियोगिता में राज्य भर में प्रथम स्थान श्री नाहड़िया ने पहले बोड़ियाकमालपुर तथा अब खोरी में सेवारत रहते हुए संबंधित स्कूलों को राज्य स्तर पर विशेष पहचान दिलवाने में टीम वर्क के साथ उन्होंने केंद्रीय भूमिका निभाई है।