पटौदी विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : पटौदी विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर को पत्र लिखकर पुरजोर मांग की है। इलाके के लोगों ने विधायक का आभार प्रकट किया और जनहित में उठाये कदम की सरहाना की।
विधायक सत्य प्रकाश जरावता ने मुख्यमंत्री को 14 जनवरी 2021 को भेजे पत्र में फर्रुखनगर इलाके को उप मंडल बनाने की वकालत करते हुए लिखा कि फर्रुखनगर बहुत बडा और एतिहासिक शहर है। यह खंड मुख्यालय जिला गुरुग्राम से करीब 25 किलोमीटर और उप मंडल पटौदी से 20 किलो मीटर की दूरी पर है। फर्रुखनगर खंड में 53 ग्राम पंचायते आती है। साथ ही फर्रुखनगर की जनता सहित लोगों को आये दिन उप मंडल स्तर व जिला स्तर के कार्य कराने तथा विवादों के निपटारे के लिए गुरुग्राम पटौदी आना जाना पड़ता है। जिसके कारण समय और साधन व धन का अपव्य होता है। इन सभी अव्यवस्थाओं से बचने के लिए जनहित में फरूर्खनगर को उप मंडल बनाया जाये।
उन्होंने बताया कि इलाके के लोगों की खटटर सरकार से बडी उम्मीद बंधी हुई है। यह फर्रुखनगर इलाके के लोगों की वर्षो पुरानी मांग है। अगर फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा मिल जाता है तो इसका लाभ करीब ढाई लाख की जनसंख्या को होगा। एक ही छत के नीचे सरकारी कार्य और विवादों का निपटारा हो सकेगा।