हरियाणा की बेटी ने जीता फेमिना मिस ग्रांड इंडिया-2020 का खिताब

जींद : फेमिना मिस ग्रांड इंडिया-2020 का खिताब हरियाणा के जींद की बेटी मनिका श्‍योकंद ने जीता। मनिका उचाना कलां की रहने वाली हैं। अब वे मिस वर्ल्‍ड के लिए हिस्‍सा लेंगी। मूल रूप से जींद के उचाना कलां और वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहीं मनिका श्योकंद ने मॉडलिंग में कदम रखा था। मनिका ने दो साल पहले अपनी बड़ी बहन के कहने पर मॉडलिंग ज्‍वाइन की। इसके बाद उनके कदम नहीं रुके। एक के बाद एक खिताब अपने नाम करती गईं।
सबसे पहले मनिका ने मिस हरियाणा का खिताब जीता था। उसके बाद मुंबई में मिस इंडिया के लिए पार्टिसिपेट किया। यहां उनका सेलेक्‍शन टॉप 15 पार्टिसिपेंट में हुआ। उसके बाद मिस इंडिया का खिताब उनके नाम हुआ। 25 वर्षीय मनिका ने बीटेक किया। केमिकल इंजीनियरिंग से बीटेक करने के बाद एमबीए में दाखिला लिया। लगभग एक साल तक नोएडा में रहकर जॉब की। 2019 में नौकरी छोड़ दी। इसके बाद मॉडलिंग में अपना करियर बनाने का फैसला किया। इस फैसले में उनके साथ बड़ी बहन कनिका ने भी दिया।
मनिका की उपलब्धि पर उनके पिता सूरजमल श्‍योकंद और मां ममता श्‍योकंद ने खुशी जाहिर की। उनका कहना है कि उन्‍हें अपनी बेटी पर गर्व है। वहीं मोनिका ने कहा कि अब उनका लक्ष्‍य मिस वर्ल्‍ड है। ज्ञात रहे कि इससे पहले भी हरियाणा की बेटी मानुषी छिल्‍लर ने विश्‍व में नाम रोशन किया था। मानुषी छिल्‍लर ने 2017 में मिस वर्ल्‍ड का खिताब जीता था। यह प्रतियोगिता चीन में हुई थी। मानुषी से पहले प्रिंयका चोपड़ा ने साल 2000 में इस खिताब को अपने नाम किया था।