कंडेला महापंचायत में उमड़ा जन सैलाब !

जींद : यहाँ के कंडेला गांव में महापंचायत के लिए भारतीय किसान यूनियन के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता राकेश टिकैत पहुंचे। यहां भारी संख्‍या में किसानों की भीड़ थी। महापंचायत के दौरान कई बार हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। किसान नेता राकेश टिकैत को सुनने के लिए किसानों में उत्‍साह था।
राजीव गांधी खेल स्टेडियम में महापंचायत हुई। इसमें 50 से ज्यादा खापों के हजारों किसानों ने भाग लिया। सुबह से ही किसान स्टेडियम में जुटना शुरू हो गए थे। खेल स्‍टेडियम में आयोजित किसान महापंचायत में राकेश टिकैत और अन्य नेताओं की मौजूदगी में काफी देर तक चर्चा होती रही। किसान आंदोलन का बड़ा चेहरा बन चुके भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को सुबह दस बजे आना था। लेकिन वह करीब दो बजे महापंचायत में पहुंचे।
टिकैत का गाजीपुर बॉर्डर पर 28 जनवरी की भावुक होने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद किसान आंदोलन में नई जान आ गई है। इसके बाद से कंडेला गांव से समर्थन मिलना शुरू हो गया। कंडेला में टिकैत का स्वागत किया गया। भारी संख्‍या में मौजूद भीड़ में महापंचायत को लेकर काफी उत्‍साह था। राकेश टिकैत के अलावा राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह, पंजाब किसान यूनियन नेता बलबीर सिंह राजेवाल, हरियाणा भाकियू नेता गुरनाम सिह चढूनी, रतन सिंह मान, चौ. जोगेन्द्र मान आदि संयुक्त किसान मोर्चा के नेता भी पहुंचे। महापंचायत में पहुंचने से पहले दादा खेड़ा में किसान नेता राकेश टिकैत ने नमन किया। उनके साथ काफी संख्‍या में किसान भी वहां पहुंच गए।