सड़क दुर्घटना में दो बहनों की मौत, एक की फरवरी में थी शादी !

भिवानी : चरखी दादरी जिले में दर्दनाक हादसा हुआ जिसमे एक ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरी दो बहनों को कुचल दिया। मृतक बहनों में से एक की 16 फरवरी को शादी होने वाली थी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर केस दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा दादरी के महेंद्रगढ़ रोड पर चिड़िया मोड़ के पास हुआ। दोनों मृतक मौसेरी बहनें थीं और बाइक उनका चाचा प्रवीण चला रहा था। जो हादसे में बुरी तरह घायल हो गया है। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय रेणू और 18 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई। रेणू की 16 फरवरी को शादी होनी थी। दादरी सिटी थाना पुलिस जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ट्रक के मालिक के जरिए आरोपी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।