हरियाणा के पहले महिला आश्रम “अपना घर” का भिवानी में लोकार्पण !

-सांसद धर्मबीर व संतजनों के सान्निध्य में किया गया भव्य कार्यक्रम
भिवानी : आश्रयहीन, असहाय पीडि़तों के सेवार्थ के उद्देश्य से डा. माधुरी भारद्वाज व उनके पति द्वारा संचालित मां माधुरी बृजवारिश सेवा सदन अपना घर सेवा संस्था भरतपुर की शाखा के तौर पर भिवानी के श्रीकृष्ण प्रणामी आश्रम के प्रांगण में पहले से संचालित अपना घर में प्रदेश के पहले महिला आश्रम की शुरूआत भव्य तरीके से की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में सान्निध्य स्वामी सदानंद महाराज का रहा। इस अवसर पर महामंडलेश्वर डा. परमानंद महाराज व महंत चरणदास भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह थे। समारोह की अध्यक्षता विधायक व हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री घनश्याम सर्राफ ने की। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर प्रसिद्ध समाजसेवी जगमोहन गर्ग व प्रसिद्ध समाजसेविका प्रेमलता सर्राफ मौजूद थे। इस अवसर पर कार्यक्रम में गरिमामय उपस्थिति के तौर पर अंतर्राष्ट्रीय कवि व भिवानी परिवार मैत्री संघ के अध्यक्ष राजेश चेतन की रही। मंच का संचालन राजेश चेतन द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना से की गई। कार्यक्रम में आमंत्रित सभी अतिथियों ने डा. माधुरी भारद्वाज व उनके पति के साथ महिला आश्रम का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर सम्बोधन में डा. माधुरी भारद्वाज ने कहा कि देश में 36 अपना घर आश्रम संचालित किए जा रहे हैं। देश से बाहर नेपाल में अपना घर आश्रम की एक संस्था चल रही है। उन्होंने कहा कि अपना घर आश्रम में प्रभु निवास करते हैं। प्रभु की संज्ञा उन्हें दी जाती है, जो मानसिक रुप से सुन्न होते हैं। ऐसे लोगों को सडक़ों से ढूंढ कर उनकी सेवा करने में असीम शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि मां, महात्मा और परमात्मा का आशीर्वाद मिल जाए तो सभी कार्य सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें महिला आश्रम खोलने की प्रेरणा लम्बे समय से थी, क्योंकि महिलाएं मानसिक हालत खराब होने पर सडक़ों पर ज्यादा बुरी हालत में पाई जाती हैं। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय कवि राजेश चेतन ने घोषणा की कि अगले 3 माह में भिवानी जिले में एक भी प्रभुजन को सडक़ों पर नहीं रहने दिया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकारी तंत्र में कई तरह के सामाजिक कार्य किए जाते हैं लेकिन राजनेता व अधिकारी अपने निजी स्वार्थों के चलते उन्हें आगे नहीं बढऩे देते। अपना घर जैसी संस्थाओं की देश को काफी जरूरत है और संत समाज इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए समारोह अध्यक्ष विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि डा. माधुरी भारद्वाज मातृ शक्ति का प्रतीक हैं और उनकी समाज में की जा रही सेवा हमारे लिए प्रेरणा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपने आर्शीवचन में स्वामी सदानंद महाराज ने कहा कि परमात्मा की असली सेवा वह है जो बर्बाद है उसे आबाद किया जाए। उन्होंने कहा कि मनुष्य की सेवा, गौ माता की सेवा व प्राणियों की सेवा सबसे बड़ी है।
इस अवसर पर सांवरमल गोयल, रामदेव तायल, हंसराज रल्हन, नवीन गुप्ता, आनंद बासिया, बबीता तंवर, रेखा गुप्ता, विनोद चावला, सुरेश कुमार जुईवाले, दिनदयाल अग्रवाल, सुरेश, रामकुमार, विनोद तायल, डा. मुरलीधर द्विवेदी, हरिराम खिच्चू, प्रदीप रामपूरिया, आशीष अग्रवाल, कमल गोयल, गणेश बेरलिया, विजय लालावास, राजेश सिवानीवाला, शैलेंद्र त्यागी, नरेंद्र छपारिया, हनुमान तायल, अशोक केडिय़ा, मनोज शर्मा, संदीप, सुरेश कुमार, कमल गर्ग, अशोक तायल, दिनेश गुप्ता, मनीष गोयल, ललित शर्मा, विनय सिंगल, अशोक यादव, दिनेश गुप्ता, लता मोड़ा, शारदा बासिया, वेदपुजारी, मधु गुप्ता, रामकुमार गोयल, बजरंग, संदीप भूत, देवेंद्र जैन, पंकज, विनोद तिगड़ानिया समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।