अमित स्वामी ने की प्रदेश सरकार से कमलजीत को डी.एस.पी.नियुक्त करने की मांग
रेवाड़ी : यंग मैन्स एसोसियेशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा एशियन बाडी बिल्डिंग एवं फिसीक स्पोर्टस फैडरेशन के महानिदेशक अमित स्वामी ने जिला रेवाड़ी के सुलखा गांव निवासी वल्र्ड शूटिंग चैम्पियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता तथा 2026 एशियन गेम्स में शूटिंग के स्वर्ण पदक विजेता कमलजीत को हरियाणा पुलिस में डी.एस.पी. नियुक्त करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिख कर मांग की है। उल्लेखनीय है कि अपने निवास पर अमित स्वामी ने कमलजीत को एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने की उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए उन्हें शाल व पगड़ी पहना कर सम्मानित किया। अमित स्वामी ने कहा कि कमलजीत ने अपनी मेहनत, दृढ़ संकल्प व हौंसले से प्रदेश व राष्ट्र का नाम गौरान्वित किया है तथा वे युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। साथ ही वे आश्वस्त हैं कि आगामी 2028 लास एंजेलिस ओलम्पिक खेलों में भी कमलजीत पदक जीत कर पुनः राष्ट्र व प्रदेश को गौरान्वित करेंगे।
अमित स्वामी ने कहा कि कमलजीत शिक्षा में कला स्नातक हैं तथा अपनी असाधारण उपलब्धि से वे पूर्णतया डी.एस.पी. पद के पात्र हैं। अमित स्वामी ने पत्र की प्रतिलिपी स्थानीय सांसद तथा केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह तथा प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अजय सिंहल आई.पी.एस. को
भी प्रेषित की है।
