देशराजनैतिकहरियाणा

कोरोना काल में योद्धा बता सफाई कर्मियों को पहनाते थे मालाएं, अब हक देने में आनाकानी: पंकज डावर

-सरकार को तुरंत प्रभाव से माननी चाहिए सफाई कर्मचारियों की मांगें
-मांगें पूरी होने तक सफाई कर्मचारियों के साथ ख्रड़ी है कांगे्रस
-कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने किया कर्मचारियों से वायदा
गुरुग्राम: कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने ऐलान किया कि जब तक सरकार सफाई कर्मचारियों को उनके हक नहीं दे देती, उनकी मांगें पूरी नहीं कर देती तब तक कांग्रेस का हर कार्यकर्ता उनकी लड़ाई में साथ खड़ा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से सफाई कर्मचारियों की मांग मानकर राहत दे, ताकि गंदगी से सड़ रहे शहर की सफाई हो सके।
पंकज डावर मंगलवार को नगर पालिका में धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने उनकी मांगों को विस्तार से सुना और उन पर चर्चा की। इस दौरान कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि जो सफाई कर्मचारी हमें सफाई की सौगात देते हैं, उन्हें सरकार उनके हक क्यों नहीं दे रही। जिन सफाई कर्मचारियों को कोरोना काल में कोरोना योद्धा बताकर भाजपा के नेता मालाएं पहनाकर स्वागत करते थे, आज उन कर्मचारियों से मिलने से भी परहेज कर रहे हैं। सरकार उनके हक देने में आनाकानी कर रही है। पंकज डावर ने भाजपा को बहुत झूठी पार्टी की संज्ञा देते हुए कहा कि इस सरकार में देर भी है और अंधेर भी है। सरकार ना तो कर्मचारियों को उनके हक देकर उनसे काम ले पा रही है और ना ही शहर का सुधार कर पा रही है। यह सरकार की उदासीनता ही है कि आज शहर गंदगी से सड़ रहा है। सफाई कर्मचारी सरकार से कोई जमीन-जायदाद नहीं मांग रहे, अपना हक मांग रहे हैं। उनका हक देने में भी सरकार आनाकानी कर रही है। बातचीत में किए गए वायदों से मुकर रही है। इस दौरान कांग्रेस नेता सूबे सिंह यादव, हरकेश प्रधान, विकास हुड्डा, राजीव यादव, जिला अध्यक्ष अनुसूचित विभाग राजकुमार, लोकेश कौशिक, मास्टर महेंद्र सेन, मनोज आहुजा, बालकिशन यादव, कार्तिक गहलोत, हरेंद्र सिंह, अमन प्रजापति रमाकांत शर्मा, संजय भाटिया, मुकेश सिंगला, जगदीश यादव, ओमप्रकाश खरेरा समेत कई नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंकज डावर ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की रीढ़ हैं। वेतन में बढ़ोतरी, ठेका प्रथा खत्म करना, नियमितीकरण और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मशीनी युग में भी सफाई कर्मचारी गटर में उतरकर सफाई करने को मजबूर हैं। कई सौ करोड़ रुपये टैक्स वसूलकर भी नगर निगम कर्मचारियों की जगह मशीनों से काम क्यों नहीं ले रहा, यह अधिकारियों की नीयत पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी बनाने की बात करने वाली सरकार पहले सफाई कर्मचारियों का सम्मान करे। पंकज डावर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर कांग्रेस का पूर्ण समर्थन है। जब तक सरकार इन मांगों को पूरा नहीं कर देगी, कांगे्रस उनके आंदोलन के साथ है। धरने पर मौजूद सफाई कर्मचारियों ने कांग्रेस के समर्थन पर आभार जताया। कर्मचारियों का कहना था कि पिछले कई दिन से वे अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही।