आठ अक्टूबर को सत्ता से बाहर होगी भाजपा, आप का होगा राज: डा. निशांत आनंद
-भाजपा ने जो नफरत की राजनीति की है, जनता उसे नकार देगी
गुरुग्राम: आम आदमी पार्टी के गुडग़ांव विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) ने कहा कि भाजपा ने देश में जो नफरत की राजनीति की है, उसे अब देश की जनता नकारने जा रही है। भाजपा के किसी भी बहकावे में लोग नहीं आ रहे। यह लोकसभा चुनाव में साबित हो चुका है। अब हरियाणा विधानसभा के चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा के खिलाफ वोट देकर उसे सत्ता से बाहर कर देगी। आठ अक्टूबर को भाजपा सत्ता से बाहर होगी और आम आदमी पार्टी का राज होगा।
यह बात उन्होंने मंगलवार को गुडग़ांव विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में जनसम्पर्क अभियान के दौरान संबोधित करते हुए कही। गुडग़ांव विधानसभा से आप के प्रत्याशी डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उदय देश में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए हुआ, जिसमें आप संयोजक अरविंद केजरीवाल काफी हद तक कामयाब हुए। भाजपा को उनकी नीतियां पसंद नहीं आई तो उन्हें जेल में डालकर सरकार को कमजोर करने का प्रयास किया। डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे मांगने वाली भाजपा के कहने से नहीं अपनी मर्जी से वे इस्तीफा दे रहे हैं। आने वाले दिल्ली के चुनावों में जनता फिर से आम आदमी पार्टी की मजबूत सरकार चुनेगी। इससे पहले हरियाणा में 5 अक्टूबर को हो रहे चुनावों में भी आप का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहेगा। आप यहां सरकार बनाकर दिल्ली, पंजाब की तरह हरियावासियों को मुफ्त बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा की सुविधाएं देगी। डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) ने कहा कि दिल्ली के निकट होने के नाते भाजपा की सरकार में गुडग़ांव के विकास के दावे तो किये गये, लेकिन विकास कहीं नजर नहीं आया। 10 साल से बरसात का वैसे ही पानी भर रहा है। गंदगी की 10 साल से बदहाली लोग झेल रहे हैं।