दो वरिष्ठ प्रवक्ता प्रधानाचार्य पद्दोनत !

फर्रूखनगर (नरेश शर्मा) : राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरुखनगर (गुरुग्राम) में से हाल ही में दो वरिष्ठ प्रवक्ता सतीश कुमार,प्रवक्ता अर्थशास्त्र और वेद प्रकाश सैनी,प्रवक्ता रसायन शास्त्र की पदोन्नति प्रधानाचार्य पद पर हुई है | इसी विद्यालय में पूर्व में प्रधानाचार्य पद पर रहे श्री अभय सिंह को इस विद्यालय में विभाग से साक्षात्कार परीक्षा पास करके आए हुए प्रधानाचार्य जितेंद्र यादव के आने पर कार्यभार मुक्त कर दिया गया था | इसके पश्चात उन्होंने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरुखनगर में कार्यभार ग्रहण कर लिया है | विद्यालय के एक अन्य अध्यापक सतपाल,साइंस मास्टर की पदोन्नति मौलिक विद्यालय मुख्याध्यापक के रूप में होने पर उनकी नियुक्ति अब राजकीय माध्यमिक विद्यालय मुमताजपुर में हो गई है | साक्षात्कार परीक्षा पास करने के उपरांत हिंदी प्रवक्ता गुलशन कुमार के आने के पश्चात इस विद्यालय से हिंदी अतिथि प्रवक्ता श्रीमती विनीता यादव को कार्यभार मुक्त कर दिया गया था |जिनको विभाग ने अब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजघेडा में नियुक्ति दे दी है | मॉडल संस्कृति विद्यालय के वर्तमान प्राचार्य जितेंद्र यादव व उनके समस्त स्टाफ सदस्यों ने अपने पूर्व प्रधानाचार्य,प्रवक्ताओं व अन्य अध्यापकों के पदोन्नत या अन्य कारणों से कार्यभार मुक्त हो जाने पर उन्हें आज विदाई स्वरूप प्रीतिभोज पर आमंत्रित किया | इस अवसर पर प्राचार्य जितेंद्र यादव ने प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति प्राप्त करके जाने वाले सतीश कुमार और वेद प्रकाश सैनी को अपने नए पद पर पूरी निष्ठा,समर्पण,नव ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करके समस्त विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को लाभान्वित करने की अग्रिम रूप से शुभकामनाएंँ दी | उन्होंने अपने पूर्व साथी प्रधानाचार्य अभय सिंह को भी अपने नए विद्यालय में पहले से भी अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने और अपनी कार्यशैली से अपने नए विद्यालय को भी नई ऊंँचाइयों तक पहुंचाने के लिए शुभकामनाएंँ दी |
मौलिक विद्यालय मुख्याध्यापक सतपाल को एक विशिष्ट ऊर्जावान अध्यापक मानते हुए उन्हें अपनी सकारात्मक ऊर्जा व सृजनात्मक दृष्टिकोण से अपने मिडिल स्कूल को शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में सर्वोपरि रखने का आशीर्वाद दिया |आपने श्रीमती विनीता यादव को भी अपने नए विद्यालय में समायोजित होने और पूरे जोश व उत्साह के साथ कार्य करने का शुभाशीष दिया | इस अवसर पर विद्यालय के अन्य सदस्यों जागृति,विभा सीमा,गीतांजली,सुरेश कुमार ने भी अपने पूर्व साथियों को अपने नए विद्यालयों में नए कीर्तिमान स्थापित करने और अपने अनेकानेक सकारात्मक गुणों से समस्त शिक्षक जगत को लाभान्वित करने की शुभकामनाएंँ दी | पदोन्नत हुए दोनों प्रधानाचार्यों ने अपने समस्त स्टाफ सदस्यों को आश्वासन दिलाया कि वह पहले से भी कई गुणा ज्यादा ऊर्जा के साथ अपने कार्य में तत्पर होंगे और निश्चित रूप से अपने प्रयासों से अपने नए विद्यालयों को विकास के चरम शिखर तक पहुंँचाने का तहे दिल से प्रयत्न करेंगे | प्रधानाचार्य अभय सिंह ने भी मॉडल संस्कृति विद्यालय के वर्तमान प्राचार्य जितेंद्र यादव को उनकी शुभकामनाएंँ लेते हुए आश्वस्त किया कि उन्होंने उनसे बहुत थोड़े से समय में बहुत कुछ ग्रहण किया है और अपनी इस ग्रहणशक्ति को वह अपने नए विद्यालय में प्रयोग में लाएंगे | मुख्याध्यापक सतपाल और हिंदी प्रवक्ता विनीता यादव ने भी शिक्षा विभाग में अपना तन-मन पूरी तरह से समर्पित करके कार्य करने के विचार सभी के समक्ष रखें | इस अवसर पर सभी मेहमानों और मेजवानों के लिए प्रीतिभोज का भी आयोजन किया गया | विद्यालय से कार्यभार मुक्त हुए पाँचो सदस्यों को यादगार के रूप में उपहार देकर भी सम्मानित किया गया | अंत में प्रधानाचार्य जितेंद्र यादव ने आज के कार्यक्रम के केंद्र बिंदु सभी मेहमानों का अपने विद्यालय में पधारने पर हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया और समय-समय पर विद्यालय में आकर विद्यालय के विकास में अपना उचित सहयोग देने और अपने विचार रखने के लिए सभी को खुले दिल से आमंत्रित किया | इस अवसर पर उन्होंने इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन करने के लिए अपने विद्यालय के अपने समस्त स्टाफ सदस्यों व सुख-सहायक स्टाफ का भी हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया |