56 करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में प्रभात जर्दा की मालकिन गिरफ्तार !

नई दिल्ली : केंद्रीय जीएसटी विभाग नोएडा की टीम ने करीब 56 करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में प्रभात जर्दा की मालकिन छाया देवी को गिरफ्तार किया है। सेक्टर 11 स्थित आवास से छाया देवी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार कंपनी बिना कागजात कच्चा माल खरीदती थी और दिल्ली के ट्रांसपोर्टर के जरिए सुगंधित तंबाकू बनाकर हुबली, कर्नाटक और महाराष्ट्र में बेचती थी।
सीजीएसटी के प्रधान आयुक्त मनमोहन सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10.30 बजे प्रभात जर्दा फैक्ट्री ओवरसीज की मालकिन छाया देवी को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें मेरठ स्थित राजस्व न्यायलय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रत्ना, प्रभात और आर्य विजय के नाम से कंपनी सुगंधित तंबाकू बनाती थी। कंपनी का व्यापार मुख्य रूप से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में था। उन्होंने बताया कि पुष्ट सूत्रों से जानकारी मिलने पर नवंबर के मध्य में जांच शुरू की गई थी। इसके तहत सेक्टर आठ स्थित प्रभात जर्दा फैक्ट्री ओवरसीज में छापेमारी की गई थी। कंपनी में भारी मात्रा में कच्चा माल और उससे बनने वाला सुगंधित तंबाकू मिला था। कंपनी में जांच में जो कच्चे दस्तावेज मिले थे, उससे पता लगा कि कंपनी छह माह से जीएसटी चोरी कर रही थी।
उन्होंने बताया कि कंपनी दिल्ली समेत अन्य शहरों के करीब 20 आपूर्तिकर्ता से कच्चा माल खरीदती थी। इनसे भी पूछताछ की जा रही है। प्रधान आयुक्त ने बताया कि सुगंधित तंबाकू उत्पाद को महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में पहुंचाने वाले दिल्ली स्थित दो ट्रांसपोर्टस के दफ्तर में भी छापेमारी की गई थी। वहां से बिना बिल ट्रक में लदा करीब चार करोड़ रुपये का माल बरामद किया गया था।
ट्रांसपोर्टस के पास में कच्चे बिल की पर्चियां और माल की जानकारी लिखे रजिस्टर मिले थे। ट्रांसपोर्टस के पास सामान को पहुंचाने के लिए ई वे बिल भी नहीं था। प्रधान आयुक्त ने बताया कि दोनों ट्रक सीज कर दिए गए हैं। जीएसटी अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी करीब 12 साल पुरानी है।