क्राइमहरियाणा

गांव लाढ़ौत में फौजी के घर पर पेट्रोल बम से हमला !

रोहतक : गांव लाढ़ौत में पड़ोसियों के बीच दीवार के झगड़े में एक फौजी के मकान पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। घटना रात 11 बजे की है। पेट्रोल बम के हमले में फौजी का एक दिव्यांग भाई 21 वर्षीय रोहित और उसके पिता मीर सिंह बुरी तरह झुलस गए हैं।
आरोप है कि बम फेंकने के बाद आरोपियों ने घर में घुसकर मीर सिंह और उसकी पत्नी शीला पर चाकू से हमला भी किया। देर रात सदर थाना पुलिस भारी संख्या में गांव में पहुंची। पुलिस को दिए बयान में शीला ने बताया कि उसका बड़ा बेटा फौज में है। इन दिनों वो ड्यूटी पर है। दूसरा बेटा शहर की ही एक कंपनी में काम करता है।
तीसरा दिव्यांग होने के चलते घर पर ही रहता है। शीला के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे कुछ लोग उनके घर में घुस गए। इन लोगों ने पेट्रोल बम बनाई एक बोतल उनके कमरे में फेंक दी। धमाके में उसके पति मीर सिंह और दिव्यांग बेटा रोहित झुलस गए। बाद में आरोपियों ने उस पर और उसके पति पर चाकू से वार भी किए।