मंडियों में फसल खरीदने के नहीं है उचित प्रबंध : चौधरी संतोख सिंह
गुरुग्राम: केंद्र सरकार के 3 कृषि कानूनों को रद्द कराने के लिए किसान गत 128 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के इस आंदोलन को विभिन्न संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है। किसानों की मांगो के समर्थन में 96 दिन से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष चौधरी संतोख सिंह ने बताया कि मंडियों में किसानों की फसल खरीदने के उचित प्रबंध नहीं है। जिले के सोहना में मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी गिरदावरी नहीं कर पाए इसलिए किसान अपनी फसल नहीं बेच पाए। जब अधिकारी व कर्मचारी ही ऑनलाइन खरीद सिस्टम का सही से प्रयोग नहीं कर पाए तो अशिक्षित किसान कैसे करेंगे?
उन्होने कहा कि सोहना में ही किसान अपनी फसल लेकर मंडी में पहुंचे थे लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने फसल में नमी बताकर उनकी फसल नहीं खरीदी। सरकार जानबूझकर किसानों को परेशान कर रही है और उनकी फसलों को नहीं खरीद रही है। किसान नेता आरएस राठी, गजे सिंह कबलाना, बीरु सरपंच ने कहा कि अधिकांश किसान अशिक्षित होने के कारण और ऑनलाइन सिस्टम न समझ पाने के कारण अपनी फसलों का पंजीकरण नहीं करा पाए हैं। सरकार को सभी अपंजीकृत किसानों की फसल को भी खरीदना चाहिए। धरने पर बैठने वालों में सतीश मराठा, सवनीत कौर, मलीहा अलवी, अनिल पंवार, मनीष मक्कड़, हरि सिंह चौहान, तनवीर अहमद, महासिंह ठाकरान, बलवान सिंह दहिया, डा. धर्मबीर राठी, योगेश्वर दहिया, सत्यवीर सिंह धौंचक, मनोज आदि शामिल रहे।
