किसानों का भारत बंद : कैथल में तितरम मोड़ नेशनल हाइवे किया जाम
पानीपत : संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को किसान संगठनों ने भारत बंद का ऐलान किया है। किसान संगठनों के समर्थन में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल ने बाजार बंद रखने का फैसला किया है। वहीं अनाज मंडियों में आढ़ती भी हड़ताल पर हैं। भारत बंद के आह्वान को देखते हुए रोडवेज ने भी शुक्रवार को बसें ना चलाने का फैसला लिया है। वहीं, सुबह से किसान नेता हाईवे जाम करने के लिए पहुंच गए।
तितरम मोड पर अम्बाला हिसार रोड पर किसानों ने जाम लगा दिया। किसान शुक्रवार को जिले में करीब 20 जगह पर जाम और धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। सुबह नौ बजे से जाम लगाने की घोषणा थी, मगर किसानों ने 7 बजे से सड़कें जाम कर दी।
भारत बंद के आह्वान पर तीन कृषि कानूनों के विरोध में तितरम मोड सहित 22 से 25 जगह पर संयुक्त मोर्चा के सदस्यों द्वारा सुबह नौ से शाम पांच बजे तक जाम लगाएंगे। संयुक्त मोर्चा के सदस्य होशियार गिल व सुनील ने बताया कि तीनों कानूनों को लेकर किसान, आढ़ती, मजदूर व कर्मचारी संघर्ष कर रहे है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दिल्ली के चारों ओर संयुक्त मोर्चा के सदस्य बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक तीनों कानून वापस नहीं होते हैं, तब तक किसानों का प्रदर्शन जारी रहेगा। संदीप भाल का कहना है कि गुहला-चीका, राजौंद, पाई, सीवन, पूंडरी, ढांड, कौल सहित कई गांवों में जाम लगाया जाएगा।
किसानों द्वारा भारत बंद को लेकर जीआरपी और आरपीएफ ने अलर्ट जारी कर दिया है। किसानों को रेलवे परिसर में घुसने न दिया जाए। इससे पहले ही जवानों को अलर्ट कर दिया गया है। अंबाला डिवीजन के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर करीब 80 जवान तैनात किए गए है। जीआरपी एसएचओ विलायती राम का कहना है कि अंबाला छावनी समेत सभी स्टेशनों पर जवानों को तैनात किया गया है। ताकि किसानों को रेलवे परिसर में आने से रोका जा सकें।
भारत बंद के आह्वान पर पुलिस ने यातायात सुचारु रखने के लिए रोड मेप जारी किया है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने लोगों ने रोड मेप पर ही चलने की अपील की है। पुलिस ने दस मुख्य मार्गों को जाम लगाने की स्थिति में डायवर्ट किया है।