दिल्ली में पक्के मकान बनाकर जारी रखेंगे आंदोलन : राकेश टिकैत

-करनाल में किसान महापंचायत में पहुंचे राकेश टिकैत और गुरनाम सिंह चढ़ूनी
करनाल : भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की मांगे मान जाए अन्यथा किसान दिल्ली में पक्के मकान बनाकर कूलर व पंखे लगाकर अपना प्रदर्शन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा किसानों के आंदोलन रद करने की है लेकिन आंदोलन इतना ही तेज होता जा रहा है।
वह असंध की नई अनाज मंडी में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आयोजित महापंचायत में किसानों को संबोधित कर रहे थे। महापंचायत में किसान नेताओं ने किसान एकता पर जोर दिया और कहा कि अपने हकों पर किसान कुठाघारात बर्दाश्त नहीं करेंगे। टिकैत ने कहा कि सरकार मंडियों को समाप्त करने का प्लान बना रही है और किसान सरकारी विभाग के दफ्तरों को मंडी बनाने के लिए तैयार है। किसानों ने गांव दर गांव कमेटी बना दी है। जो किसान आंदोलन में रहेगा, उसका अनाज खेत से उठवाकर घर तक पहुंचाने का काम कमेटी के सदस्य करेंगे। किसी भी किसान को परेशानी उठाने की जरूरत नहीं है। सरकार जब तक चाहेगी किसान आंदोलन चलाते रहेंगे, लेकिन अपनी मांगे मनवाने के बाद ही घर वापसी करेंगे।
राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा मंच वही है, हमारे पंच भी वहीं हैं और हमारी मांग भी वही है। सरकार संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं से बात करे और उनकी मांगों को मानें। बिल वापसी पर ही बात संभव है अन्यथा किसानों को आंदोलन की आदत हो गई है। हर एक किसान डटकर खड़ा है। पीछे हटने का कोई इरादा नहीं है। हमारे हथियार हमारे ट्रैक्टर ट्रॉली हैं। सभी किसान अपने हथियारों को पेंट करवाकर तैयार रखे। जब भी बुलावा आएगा, दिल्ली चलने के लिए तैयार रहना। दूसरी ओर महापंचायत को लेकर किसानों में उत्साह रहा। किसान सुबह से ही महापंचायत के लिए जुटने शुरू हो गए थे।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि संयुक्त मोर्चा के कहने पर सब एक हो जाते है। देश का हर कोने एक है। जो विभाग हमारे ट्रैक्टरों को रोकेगा उसी विभाग के अधिकारी को एमएसपी पर खरीदना पड़ेगा। किसान अपनी फसल सरकारी विभागों में लेकर जाओ। दिसंबर तक आंदोलन की तैयारी पूरी है। गांव गांव कमेटी बना दी गई है। जो किसान आंदोलन में रहेगा तो उसकी फसल कटवाने का काम कमेटी करेगी।
एसी में रहकर और पक्के मकानों में रहकर आंदोलन चलेगा। संयुक्त कमेटी से बात कर ले सरकार। हमारा मंच भी वही है और पंच भी वही है। कमेटी फैंसले लेंगे। बिल वापसी पर ही बात करने संभव है। अब तो आदत सी हो गई है आंदोलन की। हरियाणा के लोगों के सामने बड़ी बड़ी सरकारे झुकी है। पंजाब और हरियाणा को तोड़ने का काम किया सरकार ने। ट्रैक्टर हमारा हथियार है इसकी देख रेख कर तैयार रहो कभी भी चलना पड़ सकता है।