जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : गांव के गलियारों से विधानसभा तक चर्चा का विषय उपमंडल !
फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : गांव के गलियारों से लेकर विधानसभा तक अब एक ही चर्चा का विषय बना हुआ है कि फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा दिया जाए। जनता ही नहीं जनप्रतिनिधि भी सरकार से इसकी पैरवी करने में जुटे हुए है। जिससे इलाके की जनता को सरकार पर पूर्ण विश्वास हो गया है कि इस बार फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा अवश्य मिल जाएगा। क्योंकि फर्रुखनगर इलाका उप मंडल बनने के सभी नियम और शर्ते पूरा करने में सक्षम है।
रामपाल यादव खेडा झांझरौला, लीलावती यादव, मुकेश कुमार झाकडा, प्रवीण यादव मौहम्मदपुर, हरीश शर्मा मुबारिकपुर, ओमबीर सिंह आदि का कहना है कि इलाका फर्रुखनगर पूरे हरियाणा में ऐसा इलाका है जिसकी उन्नति और विकास विकास का श्रेय इलाके के जवान, किसान, कामगार, व्यापारी, पशुपालक को जाता है। इलाके को हमेशा से ही राजनीतिक उपेक्षा का सामना करना पड़ा है। छुटपुट विकास को छोड कर ऐसा कोई तगमा सरकार द्वारा नहीं दिया गया जिससे फर्रुखनगर, 53 गांव 500 ढ़ाणियों में रहने वाले लोगों उसका लाभ मिल सके। इलाके में पीने के पानी की समस्या, टूटी सड़के, यातायात के नाम पर बस सेवा भी नाम मात्र है।
अगर फर्रुखनगर शहर को वर्तमान की भांति जनप्रतिनिधियों साथ और सहयोग मिला होता तो यह इलाका कभी पिछडेपन का शिकार नहीं होता और आज गुरुग्राम जैसे विकासशील जिले का हिस्सा होने के बावजूद इसकी उपेक्षा नही होती। इलाके का विकास जनता के सहयोग से जनप्रतिनिधियों द्वारा सरकार से कराया जाता है। लेकिन इस इलाके को हरियाणा उदय के बाद मात्र आश्वसनों का ही सहारा रहा है। तहसील, खंड, थाना, अनाज मंडी, सब्जी मंडी, कृषि, बिजली, पानी के दफ्तर तो है लेकिन उप मंडल, जिला मुख्यालय के लिए पटौदी, गुरुग्राम के लिए ग्रामीणों को दर दर भटकना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस बार जिस मेहनत और निष्ठा के साथ उप मंडल की मुहिम को चलाया जा रहा है उससे सारा इलाका एक सूत्र में बंध गया है जो एक अच्छी बात है।