आरटीए टीम की हर खबर के लिए बनाया “आर-पार” व्हाट्सएप ग्रुप, एडमिन पर मामला दर्ज !
गुरुग्राम : क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) विभाग की हर गतिविधि की जानकारी देने के लिए “आर-पार” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था। ग्रुप में एडमिन रुपये लेकर लोगों को जोड़ता। विभाग की टीम हर गतिविध समय और लोकेशन के साथ साझा की जाती। ग्रुप में 50 से ज्यादा लोगों को रुपये लेकर जोड़ा गया है। आरोप है कि यह ग्रुप ट्रांसपोर्टर को जानकारी देने के लिए बनाया गया है। पुलिस ने आरटीए विभाग के सब-इंस्पेक्टर की शिकायत पर शिवाजी नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात ने एक आर-पार गुरुग्राम के नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ है। इस ग्रुप में ट्रांसपोर्टर भी शामिल हैं। कार्रवाई करने के लिए निकलने वाली टीमों की जानकारी इस ग्रुप में साझा कर दी जाती है। टीम की गाड़ी का नंबर,उनकी लोकेशन और टीम में कितने सदस्य हैं। कुछ ही मिनटों में ग्रुप में जानकारी साझा हो जाती है। यह ग्रुप के माध्यम से ट्रांसपोर्टरों तक जानकारी मिल जाती। उसके बाद ट्रांसपोर्टर अपनी गाडियों को जहां पर टीम खड़ी होती थी। वहां से गुजरने के बजाएं दूसरे रूट का इस्तेमाल करने लगे। इससे टीम को जांच के दौरान गाड़ियां काफी कम मिलती थी। इससे उनका कार्य प्रभावित होता और राजस्व पर भी असर पड़ता है।
टीम कब कार्रवाई करने के लिए जा रही है। टीम कौन सी गाड़ी से जा रही है और टीम में कितने सदस्य है। इसके अलावा समय और लोकेशन की सटीक जानकारी ग्रुप एडमिन के पास होती थी। इससे साफ जाहिर है विभाग का कोई न कोई कर्मचारी शामिल है। जो उनको सटिक जानकारी दे रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रुप एडमिन दो से तीन हजार रुपये लेकर लोगों को शामिल करता था। उसके बाद ग्रुप में जानकारी साझा होती थी। ग्रुप में सिर्फ कार्रवाई करने वाली टीम की जानकारी होती थी। उससे ट्रांसपोर्टर अपने गाड़ियों को टीम की लोकेशन आने के बाद बदल देते थे। आरटीए विभाग के मोटे चालान से भी पीछा छूट जाता था।
इंस्पेक्टर प्रवीन मलिक, एसएचओ शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ जानकारी मिली है,उन पर काम किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट हो पाएगा।