किसान आंदोलन : हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा जल्द हल हो जायेगा मसला !
-किसानों की मांगों पर सहमति बनाने को केंद्रीय मंत्रियों से मिले उप मुख्यमंत्री
नई दिल्ली : हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित तीन केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के बाद किसान आंदाेलन को लेकर बड़ा संकेत दिए। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन मेें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर किसानों की मांगाें पर सहमति बन जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने दिल्ली पहुंचकर तीन वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर किसानों के मसले पर जल्द सहमति बनाने की अपील की।
दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर और रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। दुष्यंत ने केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के बाद उम्मीद जताई कि किसान और सरकार के बीच अगले 24 से 48 घंटों के बीच गतिरोध खत्म हो जाएगा। उन्होंने अपील की कि किसानों की मांगों को लेकर बने गतिरोध को जल्द बातचीत के जरिये खत्म किया जाए।
राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों के विषय को लेकर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि दोनों पक्ष सहमति बनाने के पक्षधर हैं। अब तक कई दौर की बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कुछ विषयों पर दोनों पक्ष एकमत हुए तभी एक के बाद एक करके छह दौर की बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों को भेजे गए 24 पेज के प्रस्ताव में न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने पर सहमति जताई गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली-हरियाणा बार्डर पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।