कांग्रेस के हल्लाबोल के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री ने हाथों में पकड़ी झाडू : वर्धन यादव
-सफाई के मामले में नाकाम साबित हो रही है भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार : वर्धन यादव
गुरुग्राम : शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के हल्लाबोल के बाद आखिरकार भाजपा सरकार की आंख खुल गई है। हरियाणा के सीएम गुरुग्राम में झाडू पकड़े सफाई करते दिखाई दिए। यदि समय रहते मुख्यमंत्री अपने अधिकारियों को सख्त आदेश जारी करते तो शायद आज उन्हें हाथ में झाडू पकडऩे की नौबत नहीं आती। उक्त बात कांग्रेस के जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने कही। वर्धन यादव ने कहा कि यह कांग्रेस की ही ताकत है कि प्रदेश के मुख्यमत्री सडक़ पर अपने कार्यकर्ताओं व अधिकारियों के साथ सफाई करते दिखाई दिए। भाजपा का सफाई अभियान मात्र एक दिखाबा है। कांग्रेस हमेशा से जनहित के मुद्दों को बल देती आई है। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में बिगड़ी सफाई व्यवस्था भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार की नाकामी को दर्शाती है। उनका कहना है कि गुरुग्राम में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार है, लेकिन सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। शहर के चारों तरफ कूड़े के ढेर लगे हैं और जनता गंदगी के कारण बेहाल है। कांग्रेस और शहर की जनता कई बार सफाई का मुद्दा उठा चुकी है, लेकिन ऐसा लगता है जैसे भाजपा सरकार के साथ-साथ प्रशासन, मेयर, विधायक सभी सोए हुए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार ने गुरुग्राम का पूरा तंत्र बिगाडक़र रख दिया है। आम लोगों से टैक्स वसूलने के मामले में प्रशासन सबसे आगे हैं। मेहनतकाश लोगों के ऊपर अत्याचार किए जा रहे हैं, लेकिन वहीं धनाढ्य लोगोंं पर कोई कार्यवाही नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि जब-जब जनता अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी, कांग्रेस उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता गुरुग्राम की जनता की आवाज बनकर काम करेगा।
गुरुग्राम की जनता के सब्र का सरकार ले रही है इम्तिहान
वर्धन यादव ने कहा कि गुरुग्राम की जनता कूड़े और गंदगी से परेशान है। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट से फैलने वाला प्रदूषण और बदहाल सफाई व्यवस्था लोगों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। भाजपा सरकार व नगर निगम की ओर से इस मुद्दे पर अभी कोई जवाब नहीं आया है, लेकिन कांग्रेस सफाई व्यवस्था को लेकर हमेशा सरकार पर हमला करती आई है। विपक्ष जनहित के मुद्दों पर सरकार से सवाल करता रहेगा।
कूड़े का पहाड़ बना लोगों के लिए मुसीबत
वर्धन यादव ने गुरुग्राम के बंधवाड़ी की लैंडफिल साइट को कूड़े का पहाड़ बताते हुए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में नगर निगम में लैंडफिल साइटें कूड़े के ढेर में बदल गईं। इन साइटों से निकलने वाली जहरीली गैसें आसपास के लोगों में सांस और फेफड़ों की बीमारियां फैला रही हैं। सरकार लैंडफिल हटाने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं, लेकिन भ्रष्टाचार के चलते यह काम सिर्फ कागजों पर हो रहा है।
भाजपा के सफाई अभियान की नाकामी
कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने भाजपा के सफाई अभियान को नाकाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार गुरुग्राम को साफ-सुथरा बनाने में पूरी तरह फेल रही है। भाजपा सरकार के शासन में ऐसा कोई दिन नहीं होगा, जब शहर की जनता ने सफाई को मुद्दा न बनाया हो। गुरुग्राम के विधायक ने सफाई को दुरुस्त करने का वायदा किया था, लेकिन वे भी अपने वायदे से पीछे हट गए। नगर निगम का हाल तो बेहाल है। अधिकारी बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे। बारिश में गुरुग्राम की सडक़ें जलभराव से चोक हो गई थीं, जो सरकार की नाकामी का सबूत है।