कोरोना : हरियाणा में घटने लगे मरीज, 24 दिनों बाद 10 हजार से कम मिले नए केस !
चंडीगढ़ : प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर का पीक गुजरने के संकेत दिख रहे हैं। नए मरीजों की वृद्धि दर और सक्रिय मरीजों में करीब एक हफ्ते से कमी का ट्रेंड है। 4 मई को सर्वाधिक 16,246 नए मरीज थे। इसके बाद चार दिन तक यह आंकड़ा 14-15 हजार पर स्थिर रहा। एक सप्ताह से नए मरीज लगातार घट रहे हैं।
सक्रिय मरीजों की संख्या भी 9 मई को अधिकतम 1,18,630 थी। अब यह घटकर 93,699 रह गई है। सरकार ने भी 15 मई तक ही प्रदेश में पीक की उम्मीद जताई थी। हालांकि, अभी नए केस गुड़गांव, फरीदाबाद, पंचकूला जैसे शहरी क्षेत्रों में ही घटे हैं। अगले हफ्ते गांवों में भी नए मरीज कम रहे तो ही पीक माना जाएगा। प्रदेश में शनिवार को 9,955 नए मरीज मिले। नए मरीज 24 दिन बाद 10 हजार से कम रहे हैं। 12,593 लोग ठीक भी हुए।
