जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : जल्द मिलेगी उप मंडल की सौगात !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : हैरीटेज सिटी फर्रुखनगर के लोग इलाके के खोये हुए मान सम्मान को वापिस दिलाने के लिए जी जान से जुटे है। लोगों का मानना है कि उप मंडल की मुहिम इलाके के उत्थान में कारगर साबित होगी। इसी विश्वास को लेकर इलाके के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, पटौदी विधायक सत्य प्रकाश जरावता भी अपनी प्रतिष्ठा का प्रशन बना कर लोगों की मुहिम को सिरे चढ़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड रहे है। जिससे इलाके की जनता में पूरे उत्साह बना हुआ है।
राकेश यादव, उमा देवी, कल्लू राम , देवकरण प्रजापति, राम कंवार, रोहताश लम्बरदार फर्रुखनगर आदि का कहना है कि फर्रुखनगर इलाके में जो उन्नति दिखाई दे रही है वह इलाके की जनता और जागरुक नागरिकों की मेहनत का फल है। अगर इसी संघर्ष में पूर्व में रहे जनप्रतिनिधियों ने पूरी निष्ठा के साथ दिया होता तो यह इलाका हरियाणा प्रदेश के सबसे खुशहाल और उन्नतिशील इलाके में शुमार होता। उन्होंने बताया कि किसी भी इलाके की बढ़ती साख को राजनीतिक संरक्षण मिलना बहुत जरुरी होता है। फर्रुखनगर इलाके के पिछडे पन का दंश झेलना राजनीतिक उपेक्षा का ही परिणाम है। अन्यथा इलाके के लोगों को उप मंडल की मुहिम के लिए दो दशक से अधिक समय का संघर्ष जाया नहीं जाता और फर्रुखनगर इलाके को उप मंडल का दर्जा मिल गया होता।
उन्होंने बताया कि इस बार जनप्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेवारी को बखुबी से न केवल निभाया रहे है बल्कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर से भी फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा देने की वकालत करते हुए पत्र लिखे और विधायक सत्य प्रकाश जरावता ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अधिभाषण के समय फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की दमदार आवाज उठाई। जिससे इलाके की जनता का अपने जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास और बढ़ गया है। उन्हे पूरी उम्मीद है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा देकर सौगात देने में देर नहीं करेंगे