हर युग में श्रीराम का वास : ब्रह्मचैतन्य

गुरुग्राम : श्री ब्रह्मानंद आश्रम वृंदावन के अधिष्ठाता व रामचरित्र मानस के मर्मज्ञ स्वामी ब्रह्म चेतन्य जी महाराज का कहना है कि राम के बिना भारत की कल्पना भी नहीं की जा सकती। श्रीराम का जीवन चरित्र सात्विकता की प्रेरक ज्योति पुंज है। श्री ब्रह्म चेतन्य जी महाराज सेक्टर 23 शक्ति मंदिर में प्रारम्भ हुए नो दिवसीय रामकथा महोत्सव में व्यास पीठ से बोल रहे थे। इससे पूर्व सेक्टर में कलश शोभा यात्रा निकाली गई।
श्रीराम युगीन संस्कृति एवं आदर्शों के कथा प्रवक्ता ब्रह्म चेतन्य जी का मानना है कि राम ऐतिहासिक पुरुष नहीं बल्कि हर युग में राम का वास रहता है। वे त्रेता युग में भी थे, वे वर्तमान युग में भी हैं। श्रीराम भारत वर्ष की आत्मा है।
नो दिवसीय कथा महोत्सव के प्रथम दिन बोलते हुए उन्होंने कहा कि रामायण के आदि कवि बाल्मीकि जी हैं लेकिन अनादि कवि भगवान शिव हैं। भगवान का काल्पनिक स्वरूप भी सत्य है जबकि जगत का साक्षात दर्शन भी झूठा है। जगत के सम्बन्ध टिकाव नहीं है। लेकिन परमात्मा का काल्पनिक दर्शन भी टिकाव है। केवल रामनाम ही सत्य है बाकी सब मिथ्या है। ब्रह्म चेतन्य के अनुसार रामायण भगवान बाल्मीकि द्वारा क्रोच पक्षी के शोक से उदय हुआ है। उस शोक से काव्य पैदा होता है और फिर रामायण की श्लोक बद्ध रचना होती है। उनके अनुसार राम चरित्र मानस तीन शब्दों से मिलकर बना है। मानस शुद्ध होने से चरित्र निर्माण होता है। सात्विक चरित्र से ही राम की प्राप्ती की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि मन में क्रोध हो, बुद्धि में भेद हो और चरित्र में छेद हो तो राम की प्राप्ति नहीं हो सकती है। मनुष्य को यदि यश चाहिए तो उसे यशश्वी कार्य करना होगा। अंहकार का त्याग करना होगा। जैसे विंध्याचल पर्वत को अंहकार हो गया था कि वह अपने आकार से सूर्य के प्रकाश को रोक देगा। अंततः विंध्याचल का गरूर टूटता है। ऐसे ही अंहकार के नाश करने व मानव जीवन को धन्य करने का नाम है राम चरित्र मानस। इस अवसर पर मंदिर समिति से जुड़े विमल शर्मा व थानमल शर्मा ने आये हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जन जन ह्रदय में श्रीराम के आदर्श पहुंचे इसलिए श्री शक्ति मंदिर समिति हर नवरात्रों में श्रीराम कथा का आयोजन करती है।