जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : हस्ताक्षर अभियान और पंचायतों का दौर जारी !
फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : फर्रुखनगर को उप मंडल की मांग को लेकर सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोगों का कहना है कि जब तक प्रदेश के मुखिया मनोहर लाल खटटर फर्रुखनगर को उप मंडल का दर्जा नहीं देते जब तक उनका यह अभियान जारी रहेगा। इसके लिए पूरे इलाके की जनता एकजुट है। गांव-गांव में हस्ताक्षर अभियान और पंचायतों का दौर जारी रहेगा।
मास्टर जे पी यादव जमालपुरिया, पूर्व सरपंच इंद्राज यादव ख्वासपुर, राव राम निवास पहलवान, पूर्व सरपंच राम प्रकाश दहिया बुढ़ेडा, दीनदयाल, धनपत राय शर्मा आदि का कहना है कि फर्रुखनगर तहसील को उप मंडल बनाने की मांग लगभग 20-22 साल से अधिक पुरानी है। लेकिन, आज तक फर्रुखनगर को उप मंडल नहीं बनाया गया। जबकि फर्रुखनगर उप मंडल के सभी मानक पूर्ण हैं और यह मांग मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी है।
उन्होंनें बताया कि फर्रुखनगर जिला गुरुग्राम, दिल्ली, झज्जर की सीमावर्ती क्षेत्र है इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से भी फर्रुखनगर को उप मंडल बनाया जाना नितांत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि फर्रुखनगर एक एतिहासिक शहर ही नहीं बल्की किसान, कमेरे वर्ग की स्थली है। राजनीतिक उपेक्षा ही इसकी उन्नति की राह में बाधा बनी हुई है। इस बार सांसद राव इंद्रजीत सिंह, विधायक सत्यप्रकाश जरावता की दमदार पैरवी और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन से इलाके की जनता को पूर्ण विश्वास हो चला है कि अब वह दिन दूर नहीं है जब फर्रुखनगर को भी उप मंडल की श्रेणी में शामिल करके विकास की मुख्य धारा से जोड जायेगा।
उन्होंने बताया कि उप मंडल का दर्जा मिलते ही रोजगार के संसाधन मिलने आरम्भ हो जाएगें। युवाओं को रोजगार तो मिलेगा ही साथ में लोगों को कोर्ट कचेहरी , उप मंडल स्तरीय कार्यों के लिए पटौदी या गुरुग्राम नहीं भागना पडेगा और एक ही छत के नीचे उनके सभी कार्य आसानी से हो सकेंगे।