हरियाणा में महिला को देह व्यापार के धंधे में धकेला, तीन गिरफ्तार !

अंबाला : पति से अलग रहकर नौकरी तलाश कर रही महिला को देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया। तीन महीने तक इस महिला का बंधक बनाकर रखा। किसी तरह महिला ने अपनी बहन से संपर्क किया, जिसके बाद उसकी बहन ने पुलिस की मदद से उसे छुड़ाया। इस संबंध में पुलिस मंदीप, रानी, सोनिया का नाम आया है, जिस पर केस दर्ज हुआ है तथा तीन को गिरफ्तार किया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
अंबाला कैंट की रहने वाली एक महिला की शादी फतेहाबाद में हुई थी। उसका पति से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह अंबाला कैंट में रहने लगी। इसी दौरान उसकी पति से दोबारा बातचीत होने लगी, जिस पर परिजनों ने भी एतराज जताया। इसी के चलते वह अंबाला शहर माडल टाउन में रहने लगी। इसी दौरान वह सोनिया नामक महिला के संपर्क में आई, जिसने जंडली की महिला रानी से मिलवाया। बस यहीं से शातिरों ने महिला को बहला फुसलाकर अपने पास रख लिया।
इसके बाद महिला को जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया। महिला ने इस दौरान निकलने की कोशिश की, लेकिन उसे पहरे में रखा जाता और किसी से बात तक करने नहीं दी जाती। इसी दौरान महिला ने किसी तरह मोबाइल से अपनी बहन से संपर्क साधा और सारी बात बताई। उसकी बहन सेक्टर नौ अंबाला शहर थाना में पुलिस को सारी बात बताई। इस पर पुलिस ने जंडली में उक्त मकान पर छापा मारा और दो महिलाओं समेत तीन को गिरफ्तार किया है। महिला का मेडिकल कराया गया है, जबकि कोर्ट के सामने बयान भी दर्ज कराए गए हैं। थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि नियम अनुसार कार्रवाई की गई है।