इकतरफा प्यार का अंत: युवक ने शादी का दबाव बनाया तो युवती ने जहर खाकर दी जान !

सोनीपत : सहकर्मी के इकतरफा प्यार से परेशान लड़की ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। लड़की काफी समय से परेशान थी और घर से ही जहर लेकर आरोपी से मिलने मुरथल के ढाबे पर पहुंची। जहां सहकर्मी ने शादी का दबाव बनाया और लड़की ने जहर का सेवन कर लिया। लड़की की सोनीपत के निजी अस्पताल में मौत हो गई। मुरथल थाना पुलिस ने लड़की की मां के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया है।
मध्यप्रदेश के छत्तरपुर निवासी महिला ने बताया कि वह कुंडली की प्रेम कॉलोनी में रहती है। उनकी बेटी (21) बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित कपिल इंटर प्राइजेज कंपनी में काम करती थी। उसकी बेटी के साथ उसकी कंपनी में बिहार के जिला छपरा के गांव रसोली का रणधीर उर्फ मुन्ना भी काम करता था।
आरोपी कंपनी में रहता है। रणधीर उसकी बेटी रेखा से एकतरफा प्यार करने लगा। उसने रेखा से शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन उसकी बेटी ने मना कर दिया। उसकी बेटी जब 12 जनवरी को घर से ड्यूटी पर जा रही थी तो आरोपी ने उसे जबरन मुरथल स्थित हैप्पी ढाबा पर उतरने को कहा। आरोपी बार-बार जिद कर रहा था जिसके चलते उसकी बेटी ढाबा पर उसे समझाने के लिए चली गई। उसकी बेटी ने आरोपी को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ और धमकी देने लगा। जिस पर उसकी बेटी ने आरोपी के दबाव से परेशान होकर जहर खा लिया। उसकी बेटी की ऑस्कर अस्पताल सोनीपत में मौत हो गई।