उपद्रव के पीछे किसानों को बदनाम करने की साजिश : सीएम मनोहर लाल खट्टर

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के कैमला गांव में किसान-संवाद कार्यक्रम के दौरान हुए उपद्रव की कड़ी आलोचना की है। मुख्यमंत्री ने उपद्रव और हुड़दंग के लिए कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी और भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। मनोहर लाल ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र की मर्यादा यही है कि हर कोई अपनी बात को कहे। हमें अपनी बात कहने से रोकने की कोशिश स्वस्थ लोकतंत्र की हत्या से कम नहीं है।
तीन कृषि सुधार कानूनों को रद करने की जिद पर अड़े लोगों को समझाने के लिए भाजपा ने प्रदेश भर में किसान-संवाद कार्यक्रमों की शुरुआत की है। पहला आयोजन दक्षिण हरियाणा के नारनौल में हो चुका है। दूसरा आयोजन रविवार को उत्तर हरियाणा के कैमला में आयोजित होना था, लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हेलीकाप्टर के लैंड होने से पहले ही वहां हुड़दंग मच गया। इसके बाद चंडीगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व कम्युनिस्ट पार्टी के उकसावे पर किसानों का नाम लेकर जो लोग बार्डर पर जमे हुए हैं, वह लगातार अपनी बात कह रहे हैं। हम जब अपनी बात कहने लगे तो कांग्रेस व कम्युनिस्टों के साथ गुरनाम सिंह चढूनी सरीखे लोगों को यह बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने भोले-भाले किसानों को बदनाम करने की साजिश रच दी। यह न तो स्वस्थ लोकतंत्र में उचित है और न ही मर्यादा ऐसा करने के लिए कहती है।