दहेज हत्या के आरोपी निलंबित एसडीओ ने जेल में लगा ली फांसी !

सोनीपत : सोनीपत की जिला जेल में उस समय हड़कंप मच गया, जब दहेज हत्या के आरोपी का शव बैरक में फंदे से लटका मिला। आरोप हैं कि मृतक ने बुधवार देर शाम बैरक में फर्श पर बाल्टी रखकर पंखे से फंदा लगा लिया। कारागार प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में कार्रवाई की।
मृतक की पहचान पानीपत रिफाइनरी के निलंबित एसडीओ शिवभारत के रूप में हुई है। पुलिस ने गत 12 अक्तूबर को दहेज हत्या के आरोप में शिवभारत को गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ पानीपत के गांव मतलौडा के सरपंच अशोक ने केस दर्ज कराया था। सरपंच अशोक की बेटी नीरज की शादी 2018 में शिवभारत से हुई थी।
10 अक्तूबर की देर रात नीरज का शव घर में फंदे पर लटका मिला था। इसके बाद नीरज को परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए शिवभारत के खिलाफ शिकायत दी थी। आरोप था कि शादी के बाद से ससुराल वाले नीरज को दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर नीरज के पति शिवभारत, ससुर, जेठ, जेठानी, ननद सहित सुसराल पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।