चाचा रणजीत चौटाला व भतीजे दुष्यंत को अभय की खुली चुनौती
-कहा अगर रगों में ताऊ देवीलाल का खून बह रहा है तो सत्ता को ठोकर मार किसानों की लड़ाई लड़े चंडीगढ़ : हरियाणा की राजनीति में महत्वपूर्ण चौटाला परिवार में सियासी जंग को धार देते हुए इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार में साझीदार अपने चाचा रणजीत चौटाला व भतीजे दुष्यंत पर निशाना साधा है | अभय ने दोनों को खुली चुनौती देते हुए कहा अगर रगों में ताऊ देवीलाल का खून बह रहा है तो सत्ता को ठोकर मार किसानों की लड़ाई लड़े।
इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने केंद्र सरकार के तीन कृषि विधेयकों को आधार बनाकर दोनों पर हमला बोल कहा सत्ता के मद में चूर चाचा भतीजे को किसानों के बीच आकर उनके अस्तित्व की लड़ाई लड़नी चाहिए। अभय चौटाला ने कोरोना काल में बचाव कार्यों पर करीब साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये के खर्च होने पर भी सवाल उठाए हैं।
चंडीगढ़ स्थित अपने निवास पर मीडिया कर्मियों से बातचीत में अभय चौटाला ने तमाम उन सांसदों और विधायकों से भी किसानों की लड़ाई लड़ने का आग्रह किया है, जो किसानों के दम पर विधानसभा तथा लोकसभा पहुंचे हैं। अभय ने 25 सितंबर के भारत बंद का समर्थन करते हुए कहा कि इनेलो द्वारा 24 सितंबर से जिला स्तरीय आंदोलन शुरू किए जाएंगे। अंबाला व यमुनानगर जिलों से इनकी शुरुआत होगी। दस अक्टूबर तक कार्यक्रम घोषित किए जा चुके हैं। आंदोलन के दूसरे चरण का ऐलान जल्द किया जाएगा।
अभय चौटाला ने किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि पहले तो सिर्फ गृह मंत्री अनिल विज दावा कर रहे थे कि पिपली में किसानों पर लाठियां नहीं बरसाई गई। अब मुख्यमंत्री भी इससे इन्कार करने लगे हैं। सरकार की नीति और नीयत साफ नहीं है।